कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा थाना क्षेत्र से एक दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिसकी वजह दवाई समझकर गलती से खाया गया जहरीला पदार्थ बताया जा रहा है। युवक को गंभीर हालत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में उपचार के लिए लाया गया था, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच पाई।
समय पर नहीं पहुंचा अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि युवक ने अनजाने में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसे वह सामान्य दवाई समझ रहा था। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार वालों ने उसे तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें : "नकाब पहन कर करते हैं बेड टच", डरी सहमी छात्राओं की आपबीती सुन सन्न रह गए परिजन
जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची और मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और युवक के कमरे से मिले अन्य सामान, दवाइयों और बयानों को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
डीएसपी देहरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, प्राथमिक जांच में आत्महत्या की कोई मंशा सामने नहीं आई है, जिससे यह मामला दुर्घटनावश हुई मौत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर भारतीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें : आपदा के बीच CM सुक्खू 'अपनों पर मेहरबान', बोर्ड-निगम के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का बढ़ाया मानदेय
शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह जहरीला पदार्थ कौन सा था और युवक के पास यह कैसे पहुंचा।
जहरीले रसायनों पर सवाल
बहरहाल, इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जहरीले रसायनों या औषधीय सामानों को लेकर लोगों में सतर्कता और जागरूकता की कितनी जरूरत है। ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए परिवारों को खासकर युवा वर्ग को सावधानीपूर्वक दवाइयों और घरेलू रसायनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए।
