मंडी। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच मंडी जिले के भांबला क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
चुनाव के बीच जिला परिषद प्रत्याशी पर हम*ला
यहां जिला परिषद का चुनाव लड़ रही एक महिला प्रत्याशी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और चुनावी माहौल में हलचल तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की आधी आबादी UNMARRIED : बूढ़ों की संख्या लगातार बढ़ रही, बच्चे और जवान कम
रास्ते में रोकी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, भांबला वार्ड से जिला परिषद चुनाव मैदान में उतरीं अभिलाषा ठाकुर रविवार देर शाम चुनाव प्रचार से वापस लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि जब वह खुडला गांव के पास पहुंचीं तो रास्ते में वाहन रोककर नीचे उतरीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।
चाकू से किया हमला...
आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके साथ धक्का-मुक्की की और फिर चाकू से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान पत्थरबाजी भी की गई, जिससे अभिलाषा ठाकुर घायल हो गईं। घटना में उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- माता चिंतपूर्णी ने हर लिए सारे दुख : आंखों में पट्टी बांध, घुटनों के बल ज्योति लेकर दरबार पहुंचा पंजाबी
सिर फोड़ा और गाड़ी तोड़ी
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अभिलाषा ठाकुर को उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि हमले में उनके सिर पर चोट आई है।
पुलिस थाने पहुंची महिला
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है। समर्थकों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में थायराइड बना बड़ी बीमारी : बच्चों तक पहुंचा असर, तेजी से बढ़ रहे मामले
जान से मारने की कोशिश
अभिलाषा ठाकुर की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने चाकू से वार करने के साथ पत्थर भी मारे। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
उठ रहे गंभीर सवाल
पंचायत चुनावों से ठीक पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी माहौल में प्रशासन को सुरक्षा के और पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि प्रत्याशियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव से पहले पुलिस का एक्शन : अलग-अलग नशे संग धरे दो, ढेर सारी कैश भी बरामद
जांच में जुटी पुलिस
उधर, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
