कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ब्यास नदी के किनारे एक इंसानी शरीर का कटा हुआ पैर बरामद हुआ। इस सनसनीखेज घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
देर शाम तक चलता रहा सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार शाम कुल्लू अग्निशमन केंद्र को एक इमरजेंसी कॉल मिली थी। कॉल में बताया गया कि बबेली के पास ब्यास नदी किनारे किसी शव के होने की आशंका है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! फिर बिगड़ेगा मौसम- कई जिलों में बारिश-तेज हवाओं का अलर्ट जारी
मौके पर पहुंचकर पुलिस और राहत-बचाव दल ने नदी किनारे सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी देर तक आसपास के इलाके और नदी के किनारों की तलाशी ली, लेकिन किसी व्यक्ति का पूरा शव बरामद नहीं हो पाया। तलाशी के दौरान मौके से केवल इंसानी शरीर का कटा हुआ पैर ही मिला।
हादसा या साजिश? हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर फिलहाल कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह पैर किस व्यक्ति का है और यह यहां तक कैसे पहुंचा। शुरुआती जांच में अभी कुछ भी साफ नहीं हो पाया है।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह हिमाचल में लागू करेंगे कर्नाटक का फॉर्मूला, पहाड़ की सड़कें होंगी अब ज्यादा टिकाऊ
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह मामला किसी दर्दनाक हादसे का नतीजा है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने बरामद किए गए इंसानी पैर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के थानों में हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं हाल के दिनों में कोई व्यक्ति लापता तो नहीं हुआ था। इसके साथ ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें ब्यास नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि शव के बाकी हिस्सों या मामले से जुड़ा कोई अहम सुराग मिल सके।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी बड़ा खुलासा, फॉरेंसिक जांच ने खोले राज; पैकिंग लिफाफे भी बदले
इलाके में दहशत, लोग कर रहे तरह-तरह की चर्चाएं
ब्यास नदी किनारे इंसानी पैर मिलने की खबर फैलते ही इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। वहीं पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।
