कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस गश्त और नाकाबंदी के जरिए तस्करों पर नजर रख रही है और उन्हें पकड़ भी रही है। इसी बीच जिला कुल्लू से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने भारी मात्रा में नशे के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गश्त कर पुलिस कर रही थी चेकिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के सैंज से सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम ने पागल नाला नजदीक लारजी की ओर करीब 100 मीटर दूरी पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश बनी काल- खड्ड में समाई बोलेरो, एक ही गांव के दो युवकों की मौ*त
पुलिस ने बस की ली तलाशी
इसी दौरान सैंज-धाऊगी रोड से औट की तरफ जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस वहां पहुंची। पुलिस ने बस को रुकवाया और सामान्य जांच के लिए अंदर चढ़ गई। सभी यात्रियों की निगरानी करते हुए पुलिस टीम धीरे-धीरे सीटों की जांच कर रही थी।
बैग को छिपाने की करने लगी कोशिश
जैसे ही पुलिस की नजर सीट नंबर 9 पर बैठी एक महिला पर पड़ी, उसकी हरकतें कुछ अलग लगीं। महिला अचानक घबराई हुई नजर आई और उसने अपने बैग को जल्दी से खिड़की की तरफ सरकाने की कोशिश की, जैसे कुछ छिपाने का प्रयास कर रही हो। उसकी इस संदिग्ध हरकत ने पुलिस का ध्यान खींच लिया।
यह भी पढ़ें : सलमान करता था हिमाचल में चिट्टा सप्लाई : मैकेनिक का काम कर बनाया था नेटवर्क- पकड़ा गया
बैग से ढेर सारी चरस बरामद
पुलिस टीम ने तुरंत महिला से पूछताछ की और उसके बैग की तलाशी लेने का फैसला किया। जब बैग खोला गया तो उसमें से भारी मात्रा में नशे का सामान बरामद हुआ। पुलिस को बैग से 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम मिली, जो कि काफी बड़ी मात्रा मानी जाती है।
आरोपी की पहचान
इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और उसकी पहचान इंदिरा देवी उम्र 57 साल, पत्नी मीने राम, निवासी गांव बकशाहल, तहसील सैंज के रूप में हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया और थाना सैंज में उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की धारा 18 और 20 के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब व्यवस्था परिवर्तन, बिना डॉक्टर के एक विस की सभी 19 डिस्पेंसरी
पुलिस कर रही मामले की जांच
SP कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
बड़े नेटवर्क का हो सकता है खुलासा
उन्होंने यह भी साफ किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले समय में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश की जाएगी।
