कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों द्वारा बढ़ती गुंडागर्दी चिंता का विषय बनती जा रही है। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। थार चालक और वॉल्वो बस ड्राइवर के बीच रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि थार सवार युवकों ने बस स्टाफ और कुछ यात्रियों पर  चाकू से हमला कर दिया।

ओवरटेक करने के लिए बस ड्राइवर से मांगी साइड 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला कांगड़ा जिले के थुरल क्षेत्र में बीते बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे का है। प्राइवेट वॉल्वो बस कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली की तरफ जा रही थी। जब बस बैरघट्टा के संकरे और सिंगल लेन रास्ते से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही महिंद्रा थार में सवार कुछ युवकों ने ओवरटेक करने के लिए बस ड्राइवर से साइड मांगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज फिर तेज तूफान-ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों-बागवानों की बढ़ेंगी मुश्किलें

जबरदस्ती बस के अंदर घुसे आरोपी

सड़क काफी तंग होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे सका। बस ड्राइवर की यही मजबूरी थार सवार युवकों को नागवार गुजरी और वे गुस्से से भर गए। गुस्से में आए युवकों ने बस को ओवरटेक करके आगे अपनी थार खड़ी कर दी, जिससे बस को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। बस रुकते ही तीनों आरोपी जबरदस्ती बस के अंदर घुस गए। पहले उन्होंने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू की।

 

चालक और यात्रियों पर किया चाकू से हमला

देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकाल लिया और ड्राइवर-कंडक्टर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। बीच-बचाव करने आए यात्रियों को भी नहीं छोड़ा गया और उन पर भी हमला कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए राहत : सिलेंडर का झंझट खत्म, अब घर-घर पाइपलाइन से पहुंचेगी गैस

ड्राइवर और कंडक्टर के पेट पर चाकू से किए कई वार

हमले में ड्राइवर और कंडक्टर के पेट और पीठ पर कई वार किए गए, जिससे वे बुरी तरह घायल होकर लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़े। बस में मौजूद दूसरे यात्रियों में भी डर का माहौल बन गया। महिलाएं और अन्य यात्री घबरा गए। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे।

 

 हवाई फायरिंग कर लोगों को डराया 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग सहम गए। हालांकि लोगों ने हिम्मत दिखाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 16 साल की लड़की को युवक ने किया प्रेग्नेंट, अब बेटी को दिया जन्म- खोज में पुलिस

घायलों की पहचान

इस हमले में ड्राइवर सुंदर सिंह, राज कुमार, विजय कुमार और कंडक्टर प्रवेश कुमार घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राज कुमार और विजय कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

 

वारदात को अंजाम देने के बाद भागे आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वे ज्यादा दूर नहीं जा सके। सूचना मिलते ही थुरल चौकी और भवारना थाना पुलिस ने इलाके में नाका लगाया। कुछ ही दूरी पर बिना नंबर की काले रंग की थार गाड़ी को रोककर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 2 महीने में ही शादी से तंग आई महिला, ससुराल में खाया जह*र- पिता ने खोले दामाद के राज

आरोपियों की पहचान

आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह निवासी पठानकोट, निशान पाल निवासी होशियारपुर और अलीश निवासी पठानकोट, पंजाब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनकी थार गाड़ी से हमला करने में इस्तेमाल किया गया चाकू, हवाई फायरिंग में उपयोग की गई पिस्टल और नशीला पदार्थ चिट्टा भी बरामद किया है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

चंबा निवासी कंडक्टर अविनाश के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के पास हथियार और नशीला पदार्थ कहां से आया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें