कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में लोगों को अब पुलिस का भी डर नहीं रहा है। ऐसा ही एक मामला कांगड़ा जिला के सिंबली से सामने आया है। यहां रात को नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों को कार चालक ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। इस हादसे में एएसआई और कांस्टेबल बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुरानी रंजिश मानी जा रही कारण

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सदवां पुलिस ने कुछ दिन पहले आरोपी की दुकान पर छापा मारा था। ऐसा माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने नाके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को दो बार टक्कर मारी और उसके बाद मौके से फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हर रोज एक व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव, कांगड़ा सबसे टॉप पर 

नाके पर तैनात थे पुलिस कर्मचारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया है और आगामी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात का ेसदवां पुलिस चौकी की टीम ने सिंबली में नाका लगाया था। इस दौरान आरोपी सुरजीत कुमार अपनी कार में वहां पहुंचा और उसने नाके पर तैनात चौकी प्रभारी एएसआई भजन सिंह और कांस्टेबल राहुल को अपनी कार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। 

 

यह भी पढ़ें : संजौली अवैध मस्जिद मामला: वक्फ बोर्ड के झूठ का पर्दाफाश, 136 दिन में नहीं गिरी अवैध इमारत

दो बार गाड़ी चढ़ाने का प्रयास

एएसआई की ओर से दर्ज करवाई शिकायत में कहा गया है कि आरोपी कार चालक ने भजन सिंह पर दो बार गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। गाड़ी की टक्कर से दोनों पुलिस कर्मी घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बाद में चौकी प्रभारी भजन सिंह को निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पंचतत्व में विलीन हुए बसंत, अंतिम विदाई दे बेसुध हुई पत्नी और बूढ़ी मां

कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया आरोपी

आरोपी कार चालक सुरजीत सिंह सदवां में किराना की दुकान करता है। पुलिस ने फरार हुए कार चालक को कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में आरोपी के नशा करने की बात भी सामने आई है। आरोपी को आज सोमवार को नूरपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि एएसआई भजन सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। 

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें