कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी अभियान में कांगड़े जिले की ज्वालामुखी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खुंडियां क्षेत्र के सुरानी में नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 883 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में कार सवार पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है जो चंबा जिले के रहने वाले हैं।
नाके पर धरी गई बाप-बेटे की जोड़ी
सुरानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और चेकिंग के लिए तैनात पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक ऑल्टो कार को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से 883 ग्राम चरस बरामद हुई जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार भीखम राम (55) पुत्र नंद लाल और उसके बेटे कमलेश कुमार (26) को हिरासत में ले लिया। ये परिवार चंबा जिले की चुराह तहसील के भलेई (डाकघर लेसबी) का निवासी है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता के नक्शे कदम पर चली बेटी , नौसेना में बनी सब-लेफ्टिनेंट; परिवार में खुशी की लहर
नेटवर्क खंगालने में जुट गई है पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस जांच में जुटी है कि चरस की ये खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां डिलीवर किया जाना था। रिमांड के दौरान आरोपियों के मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड्स और पुराने आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जाएगी। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशे के इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचना है।
यह भी पढ़ें : शिमला को राहत : सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, मांगों पर बनी सहमति- शुक्रवार से उठेगा कूड़ा
जांच में हो सकते हैं और बड़े खुलासे
पुलिस को ये भी अंदेशा है कि इस तस्करी के पीछे एक बड़ा अंतर-जिला गिरोह सक्रिय हो सकता है। अधिकारियों का मानना है कि आगामी पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं और आने वाले दिनों में कुछ अन्य तस्करों की गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
