#विविध
May 22, 2026
41 कर्मचारियों के टर्मिनेशन आदेश वापस

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शहर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नगर निगम प्रशासन और सैहब सोसाइटी कर्मचारियों के बीच हुई अहम बैठक के बाद सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही शुक्रवार से शहर में घर-घर जाकर नियमित रूप से कूड़ा उठाने का काम दोबारा शुरू होगा।
मिली जानकारी के अनुसार, आज यानी गुरुवार को नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान और सैहब कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत हुई। बैठक में कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।
बताया गया कि कर्मचारियों की रोकी गई 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि को आगामी एजीएम में बहाल करने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा 41 कर्मचारियों के टर्मिनेशन आदेश वापस लेने और विशेष अवकाश देने जैसे मुद्दों पर भी सकारात्मक फैसला लिया गया। कर्मचारी यूनियन ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने के बाद सभी कर्मचारी अब वापस काम पर लौटेंगे।
पिछले सात दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कर्मचारियों और नगर निगम के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन उस समय कोई समाधान नहीं निकल पाया था। गुरुवार को डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद दोबारा वार्ता हुई और आखिरकार सहमति बन गई। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है।