कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन कुछ लोगों के साथ अप्रिय घटना होने के कारण उनके शव यहाँ-वहाँ पड़े हुए मिल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के जिला कांगड़ा से सामने आया है। जहां कांगड़ा के गुप्तगंगा क्षेत्र के पास एक सफाई कर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जताई जा रही है यह आशंका

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल यानी बुधवार को स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी।

 

यह भी पढ़ें :  "तुम कु*त्ते कितनी भी..." हिमाचल की युवती ने ट्राइबल समुदाय पर की अभद्र टिप्पणी, लोग भड़के- FIR दर्ज

 

शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात शख्स किसी ऊंचे डंगे या किनारे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जम्मू का रहने वाला था संतोष कुमार

पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह केवल प्रारंभिक अनुमान है और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में बारिश का कहर: खड्ड में आई बाढ़, पुल-घरों पर मंडराया खतरा; 48 घंटे होगी भारी बारिश

 

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान 30 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जम्मू का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से कांगड़ा में सफाई कर्मी के तौर पर कार्य कर रहा था। पुलिस को घटनास्थल के पास शराब की एक बोतल भी मिली है, जिसमें कुछ मात्रा में शराब मौजूद थी। इस बरामदगी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना, किसी अन्य कारण या किसी संदिग्ध पहलू सहित हर संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार का बड़ा ऐलान! अब आपदा प्रभावित इलाकों में भी मिलेगा रोजगार- दिहाड़ी भी बढ़ाई

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को जोड़कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें