शिमला/ पिंजौर। हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के IG विमल गुप्ता की पत्नी और बेटे के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
हिमाचल IG की पत्नी-बेटे पर FIR
पंचकूला के अमरावती एनक्लेव की रहने वाली अनुपम धनवान की शिकायत पर पिंजौर थाने मे IG विमल गुप्ता के नाबालिग बेटे, उनकी पत्नी शालू गुप्ता और 10 से 15 सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर 84 नई पंचायतों का गठन- तीन चरणों में होगा चुनाव, जानें कहां तक पहुंची तैयारियां
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता अनुपम धनवान के अनुसार, शनिवार देर शाम उनके पति मनीष धनवान अपने बच्चों और उनके दोस्तों को थार गाड़ी में घुमाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो, जिस पर लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे होने का आरोप है, उनकी गाड़ी का पीछा करने लगी।
बेटे ने परिवार पर किया हमला
आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने उनकी थार के आगे गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद एक किशोर हाथ में बेसबॉल बैट लेकर उतरा और थार पर हमला करना शुरू कर दिया। लगातार वार से गाड़ी के शीशे टूट गए। उस समय थार में बच्चे बैठे थे, जो डर के मारे अंदर से लॉक हो गए।
यह भी पढ़ें : US-ईरान के बीच तनाव नहीं हो रहा कम : 35 हजार हिमाचली फंसे, माहौल देख चिंता में परिजन
तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते...
अनुपम का आरोप है कि जब उनके पति ने विरोध किया तो स्थिति और बिगड़ गई। युवक की मां भी मौके पर पहुंची और कथित तौर पर गाली-गलौज की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते” जैसी धमकियां दी गईं।
बच्चे की पकड़ लगी गर्दन
पीड़िता के मुताबिक, शीशा टूटने के बाद आरोपी ने एक बच्चे की गर्दन पकड़ ली। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग बाहर आए। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी पक्ष ने आक्रामक रवैया जारी रखा और वाहन से टक्कर मारने की कोशिश भी की।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में सुक्खू का सियासी दांव : आज राज्यसभा सीट के लिए हाईकमान से करेंगे मुलाकात, चर्चा में 7 नाम
शराब के नशे का भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी किशोर और उसके साथ मौजूद कुछ सुरक्षाकर्मी शराब के नशे में थे। पीड़िता का दावा है कि उनके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
स्कूल में भी करता है मारपीट
अनुपम धनवान ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी सोसाइटी और स्कूल के बच्चों के साथ मारपीट और धमकाने की घटनाओं में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में भी इसी तरह की शिकायत दी गई थी, लेकिन उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ब्यास नदी में नहाने उतरे 4 युवक डूबे, तीन को किया रेस्क्यू; एक लापता
पिता के पद का रौब
उनका कहना है कि आरोपी अपने पिता के पद का रौब दिखाता है और बच्चों पर दबाव बनाता है। परिवार ने दावा किया है कि वे लंबे समय से डर के माहौल में रह रहे हैं। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां-बेटे के खिलाफ FIR दर्ज
पंचकूला के अमरावती चौकी प्रभारी SI प्रीतम सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मां-बेटे को नामजद करते हुए 15–20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं 191(3), 190, 115(2), 126(2), 324(4), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में होली से पहले महंगाई का झटका: तेल कंपनियों ने बढ़ा दिए LPG सिलेंडर के दाम, जानें कितने
जांच में जुटी पुलिस टीम
मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार का नाम आने से चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दूसरी ओर, पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।
