सोलन। हिमाचल-हरियाणा सीमा पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब चिट्टा बेचने के आरोपों से नाराज स्थानीय युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण एक प्रवासी महिला की झुग्गी तक पहुंच गए। लोगों का आरोप था कि महिला लंबे समय से इलाके में चिट्टा बेचने का काम कर रही है, जिससे आसपास के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसी गुस्से के चलते लोगों ने महिला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग उठाई।

झुग्गी में पहुंचते ही लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्थानीय लोग महिला की झुग्गी में पहुंचे तो वहां उन्हें नशा करने में इस्तेमाल होने वाली कई सिरिंज पड़ी मिलीं। इन्हें देखकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। इसी बीच आरोपी महिला भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद लोगों और महिला के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल काफी गर्म हो गया और वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा दावा- कई BJP विधायक कांग्रेस में आने को तैयार, जल्द थाम सकते हैं हाथ

महिला पर युवाओं और पुलिस से धक्कामुक्की करने का आरोप

मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि विरोध कर रहे युवाओं ने जब महिला से सवाल किए तो उसने आक्रामक रवैया अपनाया। लोगों का कहना है कि महिला ने न केवल युवाओं के साथ धक्कामुक्की की बल्कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई करने की कोशिश की। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव और बढ़ गया।

आक्रोशित युवाओं ने झुग्गी को पहुंचाया नुकसान

हालात बिगड़ते देख कुछ गुस्साए युवाओं ने महिला की झुग्गी को नुकसान पहुंचा दिया। इस दौरान लोगों ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और महिला को इलाके से बाहर करने की मांग भी उठाई। भीड़ लगातार कार्रवाई की मांग करती रही, जिससे कुछ समय तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

यह भी पढ़ें : शिक्षक भर्ती में उलझी सुक्खू सरकार- हजारों छात्रों ने छोड़ दिए CBSE स्कूल, परिजन परेशान

पुलिस ने संभाला मोर्चा, महिला को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और संबंधित महिला को हिरासत में लेकर थाना बरोटीवाला ले गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चिट्टा मुक्त क्षेत्र बनाने की उठी मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवाओं की एकजुटता की सराहना की। उनका कहना है कि चिट्टा जैसी नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और इससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: वेल्डिंग सीखने गया था 18 वर्षीय युवक- करंट लगने से हुआ बेसुध, अस्पताल में तोड़ा दम

लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए ताकि बरोटीवाला और आसपास के क्षेत्रों को चिट्टा मुक्त बनाया जा सके। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि समाज और प्रशासन अगर मिलकर काम करें, तभी इस समस्या पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सकती है।