हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में मानसिक तनाव व अवसाद के ग्रसित लोगों द्वारा आए दिन खौफनाक कदम उठाने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के जिला हमीरपुर से सामने आया है जहां एक शख्स ने अपने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
अकेला रहता था शख्स
जानकारी के अनुसार, जिला हमीरपुर के तहत आते सुजानपुर शहर के वार्ड नंबर-4 में एक अधेड़ व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 51 वर्षीय ईश्वर दास पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गरीबों से मजाक! 6 महीने बाद डिपो में मिलेगा रिफायंड तेल- चुकाने होंगे ज्यादा दाम
साथ ही, बताया जा रहा है कि वह अविवाहित था और अपने घर में अकेले ही रहता था। यह घटना बीते कल मंगलवार देर शाम की है जब ईश्वर दास ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और छत के पंखे से रस्सी बांधकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस टीम ने तोड़ा दरवाजा
ईश्वर दास दिहाड़ी मजदूरी कर अपनी आजीविका चलाता था और माता-पिता की मृत्यु के बाद अकेला रहता था। ईश्वर दास का भाई उसी मकान के दूसरे हिस्से में रहता है। जब उसने दरवाजा कई बार खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं सुनी, तो उसने खिड़की से झांककर देखा। भीतर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया क्योंकि, ईश्वर दास का शव पंखे से लटका हुआ था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भी बैठे हैं पादरी बजिंदर के हितैषी : करवाई थी झूठी FIR- सबूत ही नहीं मिले
पुलिस टीम द्वारा दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और उसे अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
दर्ज हुआ मामला
हमीरपुर पुलिस अधीक्षक ने भी मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया, जहां औपचारिक प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोग इस घटना से आहत हैं और परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
