हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की नींव को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। भोरंज उपमंडल के तहत आने वाले बड़ेहर गांव में एक कलियुगी बेटे ने कथित तौर पर जमीन और पैसों के विवाद में अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मृतक की पत्नी पर भी अपने पति को बचाने की बजाय बेटे का साथ देने और वारदात के बाद सबूत मिटाने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव के लोग भी इस बात से स्तब्ध हैं कि जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे ने कथित तौर पर उसकी जिंदगी छीन ली।

रात में मिली मारपीट की सूचना

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात जाहू पुलिस चौकी को सूचना मिली कि ग्राम बड़ेहर में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां रतन चंद निवासी गांव बड़ेहर, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेसहारा पशु से टकराई बाइक, दो युवकों की एक साथ मौ.त- सदमे में परिवार

जांच में बेटे पर गया शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के बेटे विजय कुमार उर्फ अजू की भूमिका संदिग्ध है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर

जमीन गिरवी रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच के अनुसार परिवार में जमीन को गिरवी रखकर लोन लेने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विजय कुमार और उसकी मां सोमा देवी मृतक रतन चंद पर जमीन गिरवी रखने का दबाव बना रहे थे। बताया जा रहा है कि रतन चंद ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और जमीन गिरवी रखने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर बेटे ने पिता के साथ मारपीट कर दी। पुलिस का कहना है कि इस मारपीट में लगी गंभीर चोटों के कारण रतन चंद की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था की बारिश : भक्तों ने ऑनलाइन चढ़ाया करोड़ों का चढ़ावा

मां पर भी लगे गंभीर आरोप

इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी सोमा देवी ने अपने पति को बचाने का प्रयास नहीं किया। आरोप है कि वारदात के बाद उसने घटनास्थल पर मौजूद खून के निशान और अन्य साक्ष्यों को साफ करने की कोशिश की, ताकि मामले की सच्चाई सामने न आ सके। पुलिस का मानना है कि साक्ष्य मिटाने के प्रयास ने जांच को प्रभावित करने की कोशिश की, जिसके चलते सोमा देवी को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुसाइ.ड का ड्रामा कर आशिक संग फरार हुई 5 बच्चों की मां, नहर के पास फेंके कपड़े

दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी बेटे विजय कुमार उर्फ अजू और मृतक की पत्नी सोमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कलयुगी बेटे ने ली पिता की जा.न, मां ने दिया साथ! बिजली बोर्ड में करता है नौकरी

रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना

बड़ेहर गांव में हुई यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि जमीन और पैसों के विवाद में एक बेटा अपने ही पिता की जान लेने पर उतारू हो जाएगा। वहीं, मां की कथित भूमिका ने भी लोगों को हैरान कर दिया है। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि संपत्ति और पैसों का लालच किस तरह परिवारों के सबसे मजबूत रिश्तों को भी तोड़ सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें