कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में एक महिला बैंक कर्मचारी के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि उसने अपने पति और सास के बैंक खातों से धनराशि अपने निजी खाते में स्थानांतरित कर ली। इतना ही नहीं, दोनों खातों को कथित तौर पर खाताधारकों की जानकारी और सहमति के बिना दूसरी बैंक शाखा में भी ट्रांसफर कर दिया गया।

मारंडा शाखा में कार्यरत थी महिला कर्मचारी

जानकारी के अनुसार, संबंधित महिला पहले मारंडा स्थित बैंक शाखा में कार्यरत थी। इसी शाखा में उसके पति और सास के बैंक खाते संचालित थे। बाद में उसका तबादला नगरोटा बगवां शाखा में हो गया।

यह भी पढ़ें : REEL देखने पर डांट पड़ी तो घर से भागी लड़की, पुलिस को राजस्थान से मिली लीड और....

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान दोनों खातों से रकम निकालकर उसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया गया। साथ ही दोनों खातों को भी दूसरी शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक अधिकारियों से भी की जाएगी पूछताछ

फिलहाल पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी काफी समय बाद मिली। जब उन्होंने अपने बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की तो कथित तौर पर धनराशि के ट्रांसफर और खातों के स्थानांतरण का पता चला। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खातों से कुल कितनी राशि निकाली गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल शर्मसार! चाचा ने दो सगी भतीजियों से खेत और घर में किया दुष्क.र्म, पुलिस ने दबोचा

इस मामले के सामने आने के बाद बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था और खातों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि खाताधारकों की सहमति के बिना ही दोनों खाते दूसरी शाखा में स्थानांतरित कर दिए गए। यदि जांच में यह आरोप सही साबित होते हैं तो यह बैंकिंग नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

पुलिस उपाधीक्षक पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, खातों के स्थानांतरण से जुड़े दस्तावेज, लेन-देन का विवरण और अन्य साक्ष्यों की विस्तार से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर के बाहर खेल रही लड़की का फिसला पांव, सामने से आ रही पिकअप ने रौंदा

फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धनराशि किस प्रक्रिया के तहत ट्रांसफर की गई, खाते दूसरी शाखा में स्थानांतरित करने के लिए किन दस्तावेजों का उपयोग किया गया और क्या इस पूरी प्रक्रिया में बैंक के अन्य कर्मचारियों की कोई भूमिका रही या नहीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें