हमीरपुर। चोर केवल चोरी करने ही नहीं आते। उनका मन हुआ तो पहले आराम से घर में रखे भोजन पर हाथ साफ कर फिर बाकी माल लूटते हैं। लेकिन हमीरपुर के बड़सर थाने के तहत सलौणी गांव में चोरों ने तो एक घर में बाकायदा 'किचन पार्टी' की। उसके बाद वहां रखे राशन को लूटकर चलते बने।
सो रहे परिवार को नहीं लगी भनक
चोरों ने पहले कांसे के बर्तनों में दावत उड़ाई और उसके बाद बर्तनों सहित रसोईघर से राशन, घी और अन्य सामान भी ले उड़े।
यह भी पढ़ें : पूर्व CM का आरोप: मंडी SPU के पर कतरकर उसे पटवार सर्कल बनाने की साजिश कर रही है सरकार
गांव के बिल्कुल बीच में स्थित घर होने के बाद भी आसपास के लोगों को न तो बर्तनों की आवाज आई और न ही चोरों की। रात को आराम से सो रहे परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
बचा हुआ खाना खा गए
घर के मालिक अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने कभी भी रसोईघर में ताला नहीं लगाया था। चोरों ने 3 किलो देसी घी, 5 किलो चीनी, 5 किस्म की सात किलो दालें, एक कुकर, अचार के डिब्बे और कांसे की चार थालियां चोरी की हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल गुड़िया केस: दोषी चिरानी ने उम्रकैद की सजा को दी चुनौती, आज से हियरिंग शुरू
रात को आलू-गोभी की सब्जी और माह-चने की दाल बनाई गई थी। यह सब्जी और दाल और कुछ चपातियां बच गई थीं। सुबह जब खाने बनाने के लिए रसोईघर में परिवार के सदस्य पहुंचे तो चोरी के बारे में पता चला।
पुलिस में शिकायत नहीं
सलौणी महिला मंडल प्रधान पिंकी शर्मा ने कहा कि गांव में कोई भी परिवार रसोईघर में ताला नहीं लगाता है। यह पहली दफा हुआ कि गांव में रसोईघर में चोरी हो गई है। उन्होंने कहा कि नशे के दलदल में फंसे युवा इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे है।
यह भी पढ़ें : नशा छोड़ने आए युवक की इस गलती के कारण केंद्र के कर्मियों ने किया बुरा हाल
नशे की जरूरत को पूरा करने इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। जिले में युवा लगातार नशे की लत में फंसते जा रहे हैं। भोटा चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि फिलहाल उनके पास इस विषय पर कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
