चंबा। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद नशे के सौदागर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला जिला चंबा से सामने आया है, जहां पुलिस ने लाखों के नशे संग एक व्यक्ति को अरेस्ट किया है। 

खखारी डैम के पास पुलिस ने लगाया था नाका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के चुराह से सामने आया है। यहां SIU की टीम हिमगिरी-नकरोड़ मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने खखारी डैम के पास नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस कर्मचारी वहां से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों की जांच कर रहे थे, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 4 महीने पहले ही पहनी थी सेना की वर्दी, अब तिरंगे में लिपटी घर पहुंची अग्निवीर अक्षय की देह

संदिग्ध गतिविधियां देख व्यक्ति को रोका

इसी बीच वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। शक होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से 1 किलो 318 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान

पुलिस ने आरोपी की पहचान 44 वर्षीय जय सिंह निवासी गांव दुदरा, डाकघर गनेड़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में की है। इस पूरी कार्रवाई को इंस्पेक्टर गगन, एचसी योगराज और एसआईयू की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार हिमाचल में लगाने जा रही नया टैक्स, विधानसभा में पारित हुआ बिल; जानें डिटेल

कहां से लाई थी चरस की खेप? पुलिस कर रही जांच

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है।