शिमला। हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन खत्म हो चुका है। लेकिन कई व्यापारी ऐसे भी हैं, जिनके लाखों रुपए उन्हें अभी तक नहीं मिले हैं। कुछ व्यापारियों को तो पिछले दो से तीन साल पुरानी पेमेंट भी अभी तक नहीं मिली हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। बार बार आग्रह के बाद भी जब एक व्यापारी को उसके पैसे नहीं मिले तो अब वह पुलिस के पास पहुंच गया है।
सेब व्यापारी से 16 लाख की धोखाधड़ी
दरअसल हिमाचल की राजधानी शिमला के एक फल व्यापारी के साथ 16 लाख रुपए की धोखाधड़ी होने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर इस व्यापारी ने शिमला के रोहड़ू पुलिस थाना में बाहरी राज्यों के तीन व्यापारियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। वहीं पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अंतरराज्यीय ऑनलाइन नशा तस्कर गैंग का भंडाफोड़, सरगना सहित 11 गिरफ्तार
तीन राज्यों के व्यापारियों ने खरीदा था सेब
पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उसने यजविंदर सिंह फ्रूट नाम से रोहड़ू की मेहंदली फल मंडी में एक कंपनी खोली है। अपनी इसी कंपनी के माध्यम से उसने साल 2022 23 में गोरखपुर के राम, बिहार के परवेज आलम और बनारस के दीपक यादव को लाखों रुपए के सेब बेचे थे। सेब खरीदने के बाद उन्होंने करीब 16 लाख की पेमेंट बाद मंे करने की बात कही थी। लेकिन उन्होंने दो साल बीत जाने के बाद भी उसके पैसे नहीं दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के इतिहास में पहली बार 8 पुलिसवालों को उम्रकैद, नौकरी भी जाएगी
पैसे भी नहीं दिए, अब जान से मारने की दे रहे धमकी
पीड़ित शख्स ने बताया कि उसने कई बार अपनी पेमेंट इन व्यापारियों से मांगी, लेकिन हर बार पैसे दे देंगे कहते हैं लेकिन उसका भुगतान नहीं करते। अब यह तीनों व्यापारी उसे जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित शख्स ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपियों से उसके पैसे दिलवाए जाएं।
बिहार और उत्तरप्रदेश के हैं व्यापारी
शिकायतकर्ता के अनुसार राम नवी फल मंडी गोरखपुर में दुकान नंबर बी.18 पर व्यापार करते हैं, जबकि परवेज आलम बिहार के खमेरिया में वार्ड नंबर 52 के निवासी हैं। वहीं दीपक यादव बनारस में एसबी फ्रूट कंपनी के मालिक हैं। तीनों ने उसके 16 लाख रुपए दबा रखे हैं। जो अब पैसे भी नहीं दे रहे हैं और उल्टे उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से महाकुंभ के लिए निकली थी बस, हाइड्रा से हुई टक्कर; मची चीख-पुकार
हिमाचल में होता है हर साल करोड़ों के सेब का व्यापार
बता दें कि हिमाचल में सेब सीजन में करोड़ों के सेब का व्यापार होता है। सेब सीजन में हजारों व्यापारी बाहरी राज्यों से हिमाचल पहुंचते हैं और यहां से सेब खरीद कर अपने अपने राज्यों में ले जाकर वहां बेचते हैं। सेब सीजन में हिमाचल का करीब 80 प्रतिशत सेब बाहर से आए व्यापारी ही खरीदते हैं। लेकिन हर साल ही कुछ व्यापारी यहां हिमाचल से सेब तो खरीद लेते हैं, लेकिन उसकी पेमेंट बाद में कह कर मुकर जाते हैं।
