बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के पास दिनदहाड़े हुए कुल्हाड़ी हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल हुई गाड़ी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच में सामने आई गाड़ी मालिक की भूमिका

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय धीरज धर्माणी के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के करंगोड़ा गांव का रहने वाला है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनसे वारदात की साजिश में उसकी संलिप्तता का पता चला। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तमाशबीन बने पुलिस कर्मियों पर चला कानून का डंडा, सस्पेंड हुए दो जवान- जानें मामला

मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी जांच जारी है और मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

SP बोले- जल्द गिरफ्त में होगा मुख्य आरोपी

SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल गाड़ी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लेगी। मामले में जांच लगातार जारी है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के दो युवा इंजीनियर केरल भू-स्खलन में लापता, तीन दिन से नहीं कोई सुराग

क्या था पूरा मामला ? 

बता दें कि हमले से पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसके बाद हमलावरों ने युवक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी भी वहीं मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी हमला कर फरार हो गए।

कोर्ट में पेशी के लिए आया था सन्नी गिल

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सन्नी गिल बिलासपुर कोर्ट में पेशी के लिए पंजाब से आया था। जैसे ही वह मंडी-भराड़ी के पास बस से उतरा, पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी सौरभ पटियाल और उसके साथियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले के बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई।

यह भी पढ़ें : लापरवाही बनी काल, तेज रफ्तार बाइक पैरापिट से टकराई; तीन सवार में दो ही बचे

सड़क पर तड़पता रहा युवक, लोग बनाते रहे वीडियो

हमले के बाद सन्नी गिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर मदद के लिए आवाज लगाता रहा। मौके पर मौजूद कई लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की, लेकिन बहुत कम लोगों ने उसकी मदद के लिए आगे आने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।

पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया

सन्नी गिल का नाम साल 2024 में बिलासपुर कोर्ट के पास हुए गोलीकांड में सामने आया था। उस मामले में उस पर एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगा था। अब माना जा रहा है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर यह हमला किया गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मायके से ससुराल जा रही 20 वर्षीय विवाहिता हुई गायब, पिता बोले- कोई और ले गया...

राहगीरों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसके पैरों पर सबसे ज्यादा वार किए गए हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस बूथ पास था, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस जगह हमला हुआ, वहां से करीब 20 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद है। जांच में सामने आया कि घटना के समय दो पुलिसकर्मी भी आसपास ड्यूटी पर तैनात थे। इसके बावजूद उन्होंने आरोपियों को रोकने या पकड़ने के लिए समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कदम उठाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल मौसम अपडेट : 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में चलेगा आंधी-तूफान

2024 के गोलीकांड की फिर हुई चर्चा

गौरतलब है कि साल 2024 में बिलासपुर कोर्ट परिसर के पास हुए गोलीकांड ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। उस मामले में हिमाचल के एक पूर्व विधायक के बेटे का नाम भी सामने आया था और उसकी गिरफ्तारी हुई थी। बाद में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर भी गोली चलने की घटना हुई थी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि ताजा कुल्हाड़ी हमला कहीं उसी पुरानी रंजिश का हिस्सा तो नहीं है।