#अपराध
July 9, 2026
हिमाचल : मायके से ससुराल जा रही 20 वर्षीय विवाहिता हुई गायब, पिता बोले- कोई और ले गया...
6 जुलाई को निकली थी ससुराल के लिए
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक 20 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई है, जिससे परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला बैजनाथ उपमंडल के बीड़ क्षेत्र का है। महिला के पिता, जो मंडी जिले की पद्धर तहसील के रहने वाले हैं, ने बीड़ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने अगस्त 2025 में बीड़ के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों ने घर से भागकर शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए थे और सब कुछ सामान्य चल रहा था।
पिता के मुताबिक, उनकी बेटी 6 जुलाई को अपने मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी। लेकिन देर शाम तक भी वह ससुराल नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया।
महिला के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बेटी का पता लगाने की मांग की है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर बीड़ थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही है और महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जाएगी।