#हादसा
July 9, 2026
हिमाचल : लापरवाही बनी काल, तेज रफ्तार बाइक पैरापिट से टकराई; तीन सवार में दो ही बचे
बाइक पर सवार थे तीन युवक
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर पेश आया है। पुलिस के अनुसार, इस हादसे की शिकायत सतौन (तहसील कमरऊ) निवासी वीरेंद्र सिंह तोमर ने दर्ज करवाई है।
उन्होंने बताया कि वह पांवटा साहिब से अपने गांव सतौन लौट रहे थे। इसी दौरान खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ पर उन्होंने सड़क किनारे एक बाइक को दुर्घटनाग्रस्त हालत में देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर कृष्ण पुत्र देवी चंद, तेजपाल पुत्र राम लाल और रणदीप पुत्र करमा सवार थे। तीनों युवक खोडोवाला के रहने वाले बताए गए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार बाइक कृष्ण चला रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी।
जैसे ही बाइक मोड़ पर पहुंची तो चालक संतुलन नहीं बना पाया और बाइक सीधे सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक कृष्ण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठे तेजपाल और रणदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई शुरू की। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में सड़क हादसे का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।