बिलासपुर। माता-पिता अक्सर अपने बच्चों को गलती करने पर डांट-फटकार कर सही रास्ता दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार बच्चे इस डांट को दिल पर ले लेते हैं और भावुक होकर गलत कदम उठा बैठते हैं। ऐसा ही एक दुखद मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां मोबाइल फोन को लेकर नाराज एक 13 वर्षीय बच्चे ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

फोन को लेकर लगाई बच्चे को डांट 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर का है। युवक अपनी मां से फोन लेने की जिद कर रहा था। बच्चों की परीक्षाएं चल रही थीं,  इसलिए मां ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह देते हुए मोबाइल देने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि मोबाइल न मिलने से युवक नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : आधी रात को घर में हुआ धमाका, लपटों में फंसी बुजुर्ग महिला- नहीं बच सकी

कमरे में बच्चे को देख परिवार के उड़े होश 

इसके बाद उसने अपनी मां की साड़ी को कमरे में लगे कुंडे से बांधकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ। जब परिवार के लोग उसे देखने के लिए कमरे में पहुंचे तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। बेटा फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा।

डॉक्टरों ने जांच के बाद किया मृत घोषित 

इसके बाद परिजन सचिन को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का गजब कमाल : बिना नल कनेक्शन लगाए थमा दिया 8321 रुपये बिल- उठा बवाल

मृतक की पहचान 

सचिन उम्र 13 साल पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव मल्लपुर सिद्धारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन इन दिनों अपनी पढ़ाई और परीक्षा को लेकर घर पर ही था।

पुलिस ने परिजनों के बयान किए दर्ज

इसके बाद आरएच अस्पताल बिलासपुर से थाना सदर पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्चे को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल बिलासपुर लाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सीढ़ियां उतरते गिरे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, थमी सांसें- परिजनों ने जताया संदेह

मोबाइल फोन को लेकर उठाया था खौफनाक कदम

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद बच्चे ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें