हमीरपुर। कहते हैं कि पत्नी हर मुश्किल वक्त में अपने पति का साथ देती है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां सब-जेल में बंद पति के लिए उसकी पत्नी जो सामान लेकर पहुंची थी, उसने सभी के होश उड़ा दिए।
जींस की तलाशी लेने पर हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, सब-जेल हमीरपुर में बंद अंडर ट्रायल कैदी संजीव कुमार के लिए उसकी पत्नी कुछ सामान लेकर आई थी। महिला सामान जेल परिसर में छोड़कर चली गई थी। बाद में जेल में आने वाले सामान की नियमित जांच की गई। इस दौरान जब जींस की तलाशी ली गई, तो उसकी जेब में छिपाकर रखा गया चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बहन और भतीजे ने छीन ली बुजुर्ग की सांसें...घास काटने को लेकर हुआ विवाद
जेल में बाहर से आने वाले सामान की जांच पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जेल में बंद कैदियों के लिए बाहर से आने वाले सामान की जांच व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस और जेल प्रशासन सामान की जांच कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे जेल तक पहुंचाने के पीछे क्या वजह थी।
SP ने की मामले की पुष्टि
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अंडर ट्रायल कैदी की पत्नी उसके लिए सामान लेकर आई थी। सब-जेल में छोड़े गए सामान की जांच के दौरान जींस से चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : HRTC बस की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर तोड़ा दम- सदमे में परिवार
नशे के खिलाफ अभियान के तहत जांच जारी
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी और उनकी आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। जेल में बाहर से आने वाले सामान की जांच भी इसी अभियान का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि चिट्टे की बरामदगी से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
