रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से बेहद शर्मनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जनजातीय जिले किन्नौर के निचार खंड की ग्राम पंचायत उरनी में एक भ्रूण का शव बरामद हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
4-5 महीने का भ्रूण मिला
ये भ्रूण 4 से 5 महीने का बताया जा रहा है। मामले में सबसे झकझोर देने वाली बात ये है कि इस शव को बेसन के एक थैले में डालकर सिंचाई नहर में फैंका गया था। मामला उजागर होने के बाद इलाके के लोगों में रोष और आक्रोश है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो दोस्त : कार में ले जा रहे थे चरस का जखीरा, बड़े नेटवर्क का होगा खुलासा
नहर में पड़ा था थैला
जानकारी के अनुसार, उरनी गांव के पास बाखरेनदेन में बुधवार शाम करीब 6.30 बजे गांव के कुछ युवक अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बर्फ के बीच बह रही सिंचाई नहर में एक संदिग्ध बेसन का थैला देखा।
थैले में पड़ा था भ्रूण
युवकों ने थैला उठा कर देखा तो उन्हें उसमें एक भ्रूण का शव मिला। युवकों ने तुरंत इस बारे में पुलिस और ग्रामीणों को सूचना दी। खबर फैलते ही पूरे गांव के लोगों में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने पेश की सादगी की मिसाल, प्रशंसक के आग्रह पर फोटोग्राफर बनी बुशहर की रानी
मां को तलाश रही पुलिस
उधर, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। PHC उरनी में पोस्टमार्टम करवा शव को विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक मेडिसिन विभाग, IGMC शिमला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस टीम ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये भ्रूण किसने फैंका है।
गहन जांच में जुटी पुलिस
SP किन्नौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस टीम क्षेत्र के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर ये पता लगाने की कोशिश कर है कि इस घिनौनी वारदात को अंजाम किसने दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
