सोलन। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद शर्मनाक और घिनौना मामला सामने आया है। यहां एक मशहूर ढाबे पर काम करने वाले कुक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह रोटियां बनाने से पहले उन पर बार-बार थूकता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
ढाबे में परोसी जा रही थूक वाली रोटियां
इसके बाद वही रोटियां तंदूर में सेंककर ग्राहकों को परोसी जाती हैं। घटना का वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लोकल लड़कों ने पकड़े 7 चिट्टा तस्कर, पहले की धुनाई- फिर किया पुलिस के हवाले
हिमाचल का मशहूर ढाबा
मामला सोलन जिला के बद्दी शहर के पास साईं रोड का है। बताया जा रहा है कि यह ढाबा इलाके का मशहूर ठिकाना है और यहां का चिकन व अन्य नॉनवेज व्यंजन विशेष तौर पर चर्चित हैं। लेकिन अब इस तरह का वीडियो सामने आने से ढाबे की साख पर सवाल उठ गए हैं।
सड़क से शूट किया गया वीडियो
जानकारी के अनुसार, इस वीडियो को दो युवकों ने मेन रोड से शूट किया। कैमरे को जूम करने पर साफ नजर आता है कि ढाबे पर काम करने वाला कुक तंदूर में डालने से पहले रोटियों पर थूक रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अभी हाथों से नहीं उतरा था मेहंदी का रंग, नवविवाहिता का उजड़ा सुहाग- पसरा मातम
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस दौरान वीडियो बनाने वाले युवक आपस में पंजाबी भाषा में बातचीत भी कर रहे हैं। एक कहता है- “तू देख रहा है न?” जिस पर दूसरा जवाब देता है -“भाई रहने दे।” यह बातचीत भी वीडियो में दर्ज हो गई है।
पुलिस तक पहुंचा मामला
हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक कोई औपचारिक शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद संज्ञान लिया है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और ढाबा संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर वीडियो सही पाया गया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशे की लत ने खराब किए रिश्ते, नानी के संदूक से युवक ने चुराए गहने- मामा पहुंचा थाने
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा साफ देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस मामले पर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं और ढाबे को सील करने तक की मांग उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सिर्फ गंदगी या लापरवाही नहीं है, बल्कि ग्राहकों की भावनाओं से खिलवाड़ और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
गहनता से हो रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए उम्मीद है कि पुलिस के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा विभाग भी जांच में सक्रिय होगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की हरकत न सिर्फ अमानवीय है बल्कि गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकती है।
