हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला में नशा तस्कर इस कदर बेखौफ हो चुके हैं कि अब वे कानून के रखवालों पर हमला करने से भी नहीं हिचकिचा रहे। टियाला द घट क्षेत्र में देर रात गुप्त सूचना के आधार पर नशे की खेप पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने एक खूंखार कुत्ता छोड़ दिया। इस दौरान कुत्ते ने एक पुलिसकर्मी को बुरी तरह से काट लिया, जिससे उसके पेट पर गंभीर जख्म आए हैं।

 

मामले में पुलिस ने तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि इन लोगों ने पुलिस टीम की कार्रवाई में बाधा डालने के लिए कुत्ते को पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने के लिए उकसाया। 

सड़क किनारे खड़ी थी संदिग्ध गाड़ी

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे हमीरपुर पुलिस थाना और भोटा पुलिस सहायता कक्ष की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक गाड़ी के माध्यम से नशे की आपूर्ति की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम टियाला द घट क्षेत्र में पहुंची। मौके पर पुलिस को सड़क किनारे एक संदिग्ध वाहन खड़ा मिला। वाहन के दाहिनी ओर एक रिहायशी मकान भी था। पुलिस टीम ने वाहन के पास पहुंचकर जांच की प्रक्रिया शुरू की और आगे बैठे व्यक्ति से पूछताछ की।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: टिप्पर के टायर में स्कूटी समेत फंसी महिला, 20 फीट तक घ**सीटा; मौके पर तोड़ा दम

पुलिस को देखते ही छोड़ दिया खूंखार कुत्ता

पुलिस की पूछताछ के बीच वाहन की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति अचानक वहां से निकलकर रिहायशी मकान की तरफ भाग गया। इसके बाद घटनाक्रम ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि व्यक्ति के घर में पहुंचने के बाद पुलिस टीम पर कुत्ता छोड़ दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक और जिला परिषद पर BJP का कब्जा, पूर्व मंत्री के साथ धोखा! ठिनले बनीं अध्यक्ष


इसी दौरान दो महिलाएं भी मौके पर सामने आईं और पुलिस की कार्रवाई में कथित तौर पर बाधा डालने लगीं। कुत्ते के अचानक हमले से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। दो पुलिस कर्मचारी किसी तरह खुद को कुत्ते के हमले से बचाने में सफल रहे, लेकिन तीसरा कर्मचारी उसकी चपेट में आ गया।

पुलिसकर्मी के पेट पर गहरे जख्म

खूंखार कुत्ते ने पुलिसकर्मी के पेट पर काट लिया। कुत्ते के दांत लगने से उसके पेट पर गहरे घाव हो गए। हमले के बाद घायल पुलिस कर्मचारी का मेडिकल करवाया गया, जिसके बाद उसे एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सियासत में बड़ा खेल- BJP की 14 सीटों पर कांग्रेस की नजर, गढ़ को भेदने की तैयारी

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मौके पर मौजूद संदिग्ध वाहन और उसमें सवार लोगों का नशे की कथित आपूर्ति से क्या संबंध था।

दो महिलाओं समेत पांच लोगों पर केस दर्ज

पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने पुलिस कर्मचारियों को कार्रवाई से रोकने और उन पर कुत्ते से हमला करवाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सियासत में बड़ा खेल- BJP की 14 सीटों पर कांग्रेस की नजर, गढ़ को भेदने की तैयारी

पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा

हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का गृह जिला है। ऐसे में नशे से जुड़ी सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ इस तरह की घटना सामने आने से मामला चर्चा में है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संदिग्ध वाहन में नशे से संबंधित कोई सामग्री थी या नहीं और पूरे घटनाक्रम में आरोपियों की वास्तविक भूमिका क्या रही।

यह भी पढ़ें- विरोध प्रदर्शन का गजब स्टाइल : हिमाचल कांग्रेस ने भैंस के आगे बजाई बीन, बोले- ये मोदी सरकार

जानें क्या बोले पुलिस अधीक्षक

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मचारी को कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। एक ओर जहां घायल पुलिस कर्मचारी का उपचार कराया गया है, वहीं दूसरी ओर आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो पाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें