मंडी। हिमाचल में मंडी जिला की पधर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह के सरगना को पंजाब के फिरोजपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश आदिवल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से मंडी और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा (हेरोइन) की सप्लाई कर रहा था।
युवाओं के जरिए मंडी पहुंचता था चिट्टा
पधर थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर के अनुसार, आरोपी आकाश आदिवल मंडी में नशे की खेप पहुंचाने के लिए स्थानीय युवाओं का इस्तेमाल करता था। पुलिस को इस गिरोह की जानकारी तब मिली, जब 25 अप्रैल को खानी नाला क्षेत्र में दो स्थानीय युवकों नीरज उर्फ मनु और हरि सिंह को 14 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया। पूछताछ, मोबाइल रिकॉर्ड्स, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच से पता चला कि यह दोनों एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं, जिसके तार सीधे पंजाब के फिरोजपुर से जुड़े हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूल से घर पहुंचते ही छात्र ने खुद को किया कमरे में बंद, थोड़ी देर बाद परिजनों को मिली देह
पंजाब में दी दबिश, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जांच के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने फिरोजपुर में दबिश दी और मास्टरमाइंड आकाश आदिवल को दबोच लिया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान कई अन्य बड़े चेहरों के नाम सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा स्थगित, रोक दी गई सभी तैयारियां- जानिए क्या रही वजह
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि मंडी जिला में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि मंडी को नशा मुक्त बनाया जा सके।
