ऊना। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब दिल्ली पुलिस हिमाचल के कांग्रेस नेता को गिरफ्तार करने के लिए यहां पहुंची। दिल्ली पुलिस प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट के मामले को लेकर हिमाचल के एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार करने यहां आई थी। इस घटना के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह मामला प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से जुड़ा हुआ है] जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है।
कांग्रेस नेता के घर पहुंची दिल्ली पुलिस
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की एक टीम हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में पहुंची। पुलिस यहां कांग्रेस नेता अनिल डडवाल को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से आई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने उनके घर पर पहुंचकर उन्हें तलाश किया] लेकिन वह उस समय घर पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने औपचारिक प्रक्रिया के तहत उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया और वापस लौट गई।
यह भी पढ़ें : 2027 में कांग्रेस नेताओं को जूतों की माला पहनाएगी जनता, मेरी बात पत्थर की लकीर- भाजपा MLA...
प्रधानमंत्री के खिलाफ पोस्ट से जुड़ा मामला
सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर 25 फरवरी को की गई एक पोस्ट से जुड़ा हुआ है। इस पोस्ट में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसी के आधार पर दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए हिमाचल पहुंची थी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने चुनाव से पहले बना दी 200 नई पंचायतें, अब भावी उम्मीदवारों ने कसी कमर
कांग्रेस नेता बोले – दबाव में नहीं झुकेंगे
मामले को लेकर अनिल डडवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और अपनी बात खुलकर रखने से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि यदि इस मामले में गिरफ्तारी भी होती है तो वह उसका सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी भी प्रकार के दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही स्वयं दिल्ली जाकर पुलिस के सामने पेश होंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सत्ता सुख भोग रही कांग्रेस, CM सुक्खू के मंत्री का सामने आया बड़ा बयान
राजनीति में लंबे समय से सक्रिय
बताया जा रहा है कि अनिल डडवाल स्थानीय स्तर पर राजनीति में काफी समय से सक्रिय रहे हैं। वह ग्राम पंचायत दियोली में उपप्रधान रह चुके हैं और पंचायत समिति के सदस्य के रूप में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं और लंबे समय से सामाजिक तथा राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे हैं।
पहले भी दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से हुआ था विवाद
गौरतलब है कि इससे पहले भी एक मामले में जब दिल्ली पुलिस यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए हिमाचल पहुंची थी, तब राज्य पुलिस और दिल्ली पुलिस के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और विवाद हुआ था, जिसने पूरे प्रदेश में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया था। अब एक बार फिर दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हिमाचल की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
