कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए मुहिम चलाई जा रही है। इसी मुहिम के तहत पुलिस टीम द्वारा आए दिन तस्करों की धर-दबोचा जा रहा है। ताजा मामला कांगड़ा जिले से रिपोर्ट हुआ है- जहां पुलिस टीम ने दो नशा तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
चिट्टे समेत 2 अरेस्ट
नूरपुर पुलिस टीम ने चिट्टे की खेप के साथ दो युवकों को पकड़ने में कामयाबी पाई है। दोनों युवक हिमाचल के चंबा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : मंडी में फिर देर रात फटा बादल, चैन की नींद सो रहे थे लोग- घरों में घुसा मलबे का सैलाब
शक के आधार पर ली तलाशी
जानकारी के अनुसार, आज सुबह पुलिस टीम कंडवाल के चक्कीू पुल के पास गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम को वहां मौजूद दो युवक की गतिविधियों पर शक हुआ। ऐसे में जब पुलिस टीम ने शक के आधार पर युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से चिट्टे का पैकेट बरामद हुआ।
युवकों ने छुपाया था चिट्टा
पुलिस टीम ने युवकों से 6.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपी युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों युवक चंबा के टुंडी गांव से संबंध रखते हैं। आरोपियों की पहचान-
- कुशनिवेश शर्मा
- हर्षित महाजन
यह भी पढ़ें : हंगामेदार रहेगा हिमाचल का मानसून सत्र : विपक्ष के सवालों से तपेगा सदन, आपदा पर होगी तीखी बहस
कहां से लाए थे नशा?
मामले की पुष्टि करते हुए SP नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों युवकों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि वो ये खेप कहां से लाए थे और आगे किसे बेचने की योजना में थे। पुलिस टीम ये भी पता लगाने में जुटी हुई है कि ये युवक चंबा से कांगड़ा किस मकसद से आए थे।
सामाजिक चुनौती बना रहा नशा
विदित रहे कि, हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी एक गंभीर सामाजिक चुनौती बनती जा रही है। विशेषकर चिट्टा (मिलावटी हेरोइन) की तस्करी ने युवाओं को जकड़ लिया है। पंजाब और हरियाणा से सप्लाई होकर यह जहर हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मंडी जैसे जिलों तक पहुंच रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक बार फिर बादल फटने से मचा हाहाकार : हर तरफ फैला मलबा- अलर्ट पर 5 जिले
आए दिन कई लोग हो रहे गिरफ्तार
पुलिस और सरकार लगातार कार्रवाई कर रही हैं- कई गिरफ्तारियां हो रही हैं, करोड़ों की संपत्ति जब्त की जा रही है और कई तस्करों को जेल भेजा गया है। अब तो पुलिस भर्ती में चिट्टा टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है ताकि नशे की लत से ग्रस्त लोग सिस्टम में न घुस सकें।
कैसे नशा मुक्त बनेगा हिमाचल?
पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चल रहे हैं और नशा मुक्ति केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है। बावजूद इसके, तस्कर नए-नए रास्ते और तरीके अपनाकर युवाओं को लुभा रहे हैं। यह केवल कानून का नहीं, बल्कि समाज का भी संघर्ष है। लोगों का कहना है कि परिवारों, स्कूलों और युवाओं को मिलकर इस जहर से लड़ना होगा, तभी हिमाचल को नशा मुक्त बनाया जा सकेगा।
