सोलन/कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शातिर कभी घरों में लूटपाट कर रहे हैं, तो कभी वाहनों को ही चुरा ले जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में कांगड़ा जिला की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांगड़ा से चोरी हुई एक बुलेट बाइक को सोलन से बरामद कर लिया है। वहीं दूसरे राज्य के आरोपी को भी हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
रानीताल पुलिस ने सुलझाया चोरी का केस
दरअसल कांगड़ा जिले की रानीताल पुलिस चौकी की टीम ने इस चोरी के मामले को सुलझाया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी को सोलन जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी अशीष खतरी पुत्र नवीन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट बाइक एचपी 40डी.3086 भी बरामद कर ली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिंदगी की जंग लड़ रहे रोहित, परिवार की जेब खाली- कल PGI में है सर्जरी; मदद को बढ़ाएं हाथ
26 मई को चोरी हुई थी बुलेट बाइक
जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 26 मई को पुलिस चौकी रानीताल में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में बताया गया कि एक बुलेट बाइक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकारी स्कूल की मैडम ने स्टूडेंट्स से मांगे पैसे, खाते में डलवाए 40 हजार- जानें पूरा मामला
सोलन के दतयार में पकड़ा आरोपी
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाकर सोलन जिले के दतयार क्षेत्र में दबिश दी। कई घंटों की सतर्क निगरानी और योजना के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई बाइक को कब्जे में ले लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : माता-पिता को बेसहारा कर गई लाडली, नोट में लिखा- मैं नहीं बन पाई अच्छी बेटी
आरोपी से जानकारी हासिल करेगी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या आरोपी अकेले ही चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था या फिर उसका संबंध किसी संगठित चोर गिरोह से है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी पहले भी किसी अन्य अपराधिक गतिविधि में संलिप्त रहा है या नहीं।
यह भी पढ़ें : पिता ने घराट चलाकर पाला परिवार, कई बार भूख तक सोए- अब डॉक्टर बनेगा बेटा
लोगों से की अपील
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और आम जनमानस से सहयोग की अपील भी की गई है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की तत्परता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस की आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
