बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में सुर्खियां बटोर रहे पूर्व विधायक बंबर ठाकुर गोलीकांड केस में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी माने जा रहे सौरभ पटियाल उर्फ फांदी और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इससे पहले, पुलिस ने जिला अस्पताल में दोनों का मेडिकल परीक्षण करवाया।

गोलीकांड में हथियारों की भूमिका

बतौर रिपोर्टर्स, इस गोलीकांड में इस्तेमाल किए गए पिस्टल हरियाणा के रोहतक निवासी कुलदीप ने ही शूटरों को उपलब्ध कराए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक औपचारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की है कि इस हमले का असली मास्टरमाइंड कौन है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक चल पड़ी खड़ी स्कूल बस- छात्र ने साहस दिखा लगाई ब्रेक- बचाई 40 जिंदगियां

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह?

जानकारी के अनुसार, फरवरी 2024 में रेलवे कार्यालय में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें सौरभ पटियाल मुख्य आरोपी था। हालांकि, उसी साल जिला कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड में वह खुद पीड़ित बना। इन दोनों घटनाओं से साफ है कि पिछले एक साल से चली आ रही आपसी रंजिश ही इस गोलीकांड की मुख्य वजह बनी।

अब तक 7 गिरफ्तार 2  फरार

इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें शूटर सागर, अजय, मंजीत नड्डा, रोहित राणा, रितेश, सौरभ पटियाल और कुलदीप शामिल हैं। सागर, अजय और कुलदीप तीनों हरियाणा से हैं। गौरतलब है कि कुलदीप वही व्यक्ति है, जिसके खिलाफ जनवरी में जाहड़ी जंगल में हथियारों का इस्तेमाल कर गोलीबारी का अभ्यास करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। तब से वह फरार था। अब एसआईटी की टीम ने उसे सौरभ पटियाल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP का महाधरना: विधानसभा के बाहर सुक्खू सरकार को घेरेंगे 10 हजार कार्यकर्ता

हालांकि, पुलिस के अनुसार इस मामले से जुड़े दो शूटर अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें