कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैजनाथ क्षेत्र की बिनवा नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव मिलने की सूचना जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। महिला की मौत कैसे हुई और वह बिनवा नदी तक किन परिस्थितियों में पहुंची, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नदी में शव देखकर युवाओं के उड़े होश

जानकारी के अनुसार बुहली कोठी क्षेत्र के कुछ युवक गुरुवार शाम बिनवा नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में बह रहे एक शव पर पड़ी। अचानक शव दिखाई देने से युवक घबरा गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पूर्व वार्ड पार्षद राजेश वलेडी को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजेश वलेडी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसएचओ यादेश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 22 सरकारी अफसरों की छुट्टी : HAS अधिकारी भी शामिल, यहां पढ़ें पूरी लिस्ट

स्थानीय युवाओं ने नदी से बाहर निकाला शव

पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। नदी में शव होने के कारण उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके बाद स्थानीय युवाओं की मदद से महिला के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए बैजनाथ अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के डॉक्टर का कमाल : चीन के मरीज का किया ऑनलाइन ऑपरेशन, रचा इतिहास

अभी तक नहीं हो पाई महिला की पहचान

सबसे बड़ा सवाल फिलहाल महिला की पहचान को लेकर बना हुआ है। पुलिस के अनुसार, अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की पहचान पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं। महिला कौन थी, वह कहां से आई थी और नदी तक कैसे पहुंची—इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : महिला की दोनों किडनियां खराब, इलाज के लिए पैसों की जरूरत- जनता से मांगी मदद

हादसा, आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नदी में शव मिलने के बाद हादसे से लेकर अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें : मां नयना देवी का चमत्कार...मंदिर में माथा टेकते ही लौटी बच्चे की आंखों की रोशनी, परिवार भावुक

पुलिस खंगाल रही हर संभावित सुराग

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। महिला की पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आसपास के किसी क्षेत्र से हाल में किसी महिला के लापता होने की सूचना दर्ज हुई है। फिलहाल बिनवा नदी में मिले इस अज्ञात महिला के शव की पहचान और मौत का कारण दोनों ही रहस्य बने हुए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें