शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक परिवार की कई दिनों से जारी चिंता और इंतजार आखिरकार दुखद अंत पर जाकर खत्म हो गया। हाल ही में लापता हुए व्यक्ति की तलाश में जुटे परिजनों और स्थानीय लोगों को उस समय गहरा सदमा लगा, जब उसका शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में दुख की लहर दौड़ पड़ी। 

अस्पताल के नीचे मिला शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के  रामपुर स्थित खनेरी का है। यहां पर आज मंगलवार को अस्पताल के नीचे की ओर एक शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल सिया म.र्डर केस- परिवार ने नम आखों से दी लाडली को विदाई, अंतिम यात्रा में पहुंचे हजारों लोग

लापता व्यक्ति की हुई पहचान

जब शव की पहचान की गई, तो वह लापता चल रहे छेरिंग चंद्र का ही निकला। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों के मुताबिक यह समझना बेहद जरूरी है कि छेरिंग चंद्र अस्पताल परिसर से अचानक कैसे गायब हो गए और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।

क्या था मामला ? 

बता दें कि बीते 9 अप्रैल 2026 की सुबह वह अचानक बिना किसी को कुछ बताए अस्पताल परिसर से कहीं चले गए। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गए होंगे,  लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे, तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो युवकों से सवा चार किलो चरस बरामद, पंजाब से आए थे डील करने- पहुंचे जेल

नहीं मिला कोई सुराग 

इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन व्यक्ति के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। लगातार तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो मामला और गंभीर हो गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

वहीं इस मामले पर DSP रामपुर बुशहर नरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें