मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक बेहद सनसनीखेज और दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बल्ह पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंदिर टांडा इलाके से एक 32 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है।
महिला अपने दो मासूम बच्चों को घर में अकेला छोड़ कर कहीं चली गई है, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बदहवास परिजनों ने महिला द्वारा सुंदरनगर की बीबीएमबी बीएसएल (BSL) नहर में छलांग लगाने की आशंका व्यक्त की है। इस संदर्भ में पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है।
मां के लिए रो रहे 7 और 10 साल के बच्चे
इस घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। महिला के अचानक इस तरह लापता हो जाने से उसके 7 साल के मासूम बेटे और 10 साल की लाडली बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बच्चे घर के आंगन में टकटकी लगाए अपनी मां के लौटने की राह देख रहे हैं और बार-बार मां को पुकार कर रो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने 17 साल की लड़की को धमकाया, जबरन दर्ज किए बयान- अफसर समेत चार सस्पेंड
बच्चों के इन आंसुओं ने पूरे गांव के माहौल को गमगीन कर दिया है। परिजनों के अनुसार 32 वर्षीय तारा देवी 26 मई की रात से अचानक अपने घर से गायब हैं। शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और संभावित स्थानों पर उनकी काफी खोजबीन की, परंतु जब उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर पुलिस प्रशासन की शरण लेनी पड़ी।
एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए हैं। गुरुवार सुबह सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय क्षेत्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की विशेष टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए उतारा गया। एनडीआरएफ के गोताखोरों और जवानों ने अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से जलाशय के गहरे पानी तथा उसके आस-पास के तटीय क्षेत्रों में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया। हालांकि, अत्यंत प्रयासों के बाद भी समाचार लिखे जाने तक लापता महिला का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : नई-नवेली दुल्हन बनी प्रधान, एक महीना पहले ही हुई थी शादी
पुलिस कर रही मामले की जांच
मंडी पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
