हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले ढटवाल क्षेत्र की महारल पंचायत के काली चीक गांव के 26 वर्षीय युवक अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

हिमाचल के बेटे की साउथ अफ्रीका में मौत

युवक का शव स्विमिंग पूल में मिलने से पूरा मामला रहस्यमय बन गया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं। जैसे ही यह सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जो बेटा बेहतर भविष्य के सपनों के साथ विदेश गया था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का वादा फेल : किसान ने सड़क पर बहाया 500 लीटर दूध, नहीं खरीद रहा था मिल्कफेड

सपने रहे गए अधूरे

मिली जानकारी के अनुसार, अमन कुमार पिछले साल दीपावली के बाद नौकरी के लिए साउथ अफ्रीका गया था, जहां वह एक होटल में कार्यरत था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सब कुछ तोड़कर रख दिया।

घर में शादी की खुशियां

बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले अमन ने केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। परिवार उसके घर लौटने का इंतजार कर रहा था और पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन यह खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: कमला नेहरू अस्पताल शिफ्टिंग पर बवाल- सड़कों पर उतरी महिलाएं, सरकार को घेरा

इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार

अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है। पिता उधम सिंह मजदूरी करने के साथ-साथ शादियों में बैंड बजाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उन्होंने कठिन हालात में बेटे को पढ़ाया-लिखाया और होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया, जिसके बाद अमन विदेश गया था।

परिवार का रो-रो कर बुरा हाल

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि शव को घर पहुंचने में 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग : 19 साल की कॉलेज छात्रा पर चला दी दराट, सिर-हाथ पर वार- नहीं बची जा*न

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

गौरतलब है कि करीब एक साल पहले काथला गांव के एक अन्य युवक की भी साउथ अफ्रीका में इसी तरह मौत हुई थी। लगातार दूसरी घटना से इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है, और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने जताया दुख

महारल पंचायत के पूर्व प्रधान विजय धीमान ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि अमन कुमार परिवार का सहारा था और उसके लौटने का सभी इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच हो और परिवार को हर संभव सहायता दी जाए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें