ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी से रविवार सुबह सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। मुख्य मंदिर मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के अंदर एक 25 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के गले पर धारदार हथियार से कटने के गहरे निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से पेपर-कटर भी बरामद हुआ है।
मंदिर के अंदर इस हालत में शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ लोग इसे हत्या से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ स्थानीय स्तर पर इसे कथित नरबलि से भी जोड़ रहे हैं। हालांकि, नरबलि की बात की पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सुबह मंदिर में पहुंचते ही दुकानदारों के उड़ गए होश
रविवार सुबह मुख्य मंदिर मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के आसपास मौजूद दुकानदारों ने जब मंदिर के अंदर युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में ज्वालामुखी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून बिखरा मिला। युवक के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। गले पर मिले गहरे कट के निशान ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
यह भी पढ़ें : चंबा बस हा*दसे में एक और घायल महिला ने तोड़ा दम, 8 पहुंची संख्या; पति-पत्नी ने एक साथ छोड़ी दुनिया
पंजाब के लुधियाना का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान गुरबक्श सिंह (25) पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी गांव बोपा राय कलां, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ज्वालामुखी कब पहुंचा था और मंदिर परिसर में रात के समय उसके साथ क्या हुआ। पुलिस उसके ज्वालामुखी पहुंचने, रात के दौरान उसकी गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी कार, दो लोग थे सवार... एक ही बच पाया
मंदिर में मौत ने खड़े किए कई सवाल
मंदिर जैसे धार्मिक स्थल के भीतर युवक का इस तरह खून से लथपथ शव मिलना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई? क्या किसी ने युवक पर हमला किया? क्या धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ली गई? या फिर मामला आत्महत्या का है? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले पेपर-कटर को भी जांच के लिए कब्जे में लिया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों का मौत से क्या संबंध है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: आधी रात कमरे में घुसा शख्स, विवाहिता से की नीचता; जाते-जाते लाखों के गहने भी ले गया
धर्मशाला से पहुंची फोरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य जुटाए। एएसपी आरपी जसवाल और थाना प्रभारी संदीप पटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 18 वर्षीय युवक के पास मिली चिट्टे की बड़ी खेप, हरियाणा रोडवेज की बस में ला रहा था नशा
CCTV में रात को मंदिर के आसपास दिखाई दिया युवक
जांच में CCTV फुटेज भी पुलिस के लिए अहम कड़ी बन सकती है। मंदिर मार्ग और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कुछ CCTV फुटेज में युवक रात के समय मंदिर के आसपास घूमता दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक मंदिर परिसर में अकेला पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था। रात के समय मंदिर के आसपास आने-जाने वाले लोगों की पहचान भी CCTV के माध्यम से की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : थाने के पास कांड- पहले चोरों ने लूटी दुकान, फिर शटर पर अपना ताला जड़ हुए फरार
हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच
पुलिस को अभी तक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। यही वजह है कि जांच को किसी एक दिशा तक सीमित नहीं रखा गया है। पुलिस हत्या के साथ-साथ आत्महत्या के पहलू को भी ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। युवक के शरीर पर मिले चोट और कट के निशान, घटनास्थल पर खून के पैटर्न, बरामद पेपर-कटर, CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें- शिव भक्तों को बड़ा झटका- महंगी होगी मणिमहेश यात्रा, ढीली करनी पड़ेगी जेब
पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच
एएसपी आरपी जसवाल के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है। ज्वालामुखी के शिव मंदिर में खून से लथपथ शव मिलने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, लेकिन इन सवालों का जवाब अब पुलिस की जांच, फोरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगा।
