चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार सामने आ रहे नाबालिगों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले कल दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामलों के बीच अब सलूणी उपमंडल से 16 साल के छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है।

दो लड़कियों के बाद लड़का लापता

छात्र स्कूल जाने के बाद अपने क्वार्टर लौटा था, लेकिन इसके बाद वह अचानक घर से कहीं चला गया। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लाल ने बढ़ाया मान, कश्मीर में दुश्मनों से लिया लोहा- राष्ट्रपति पुलिस पदक से होंगे सम्मानित

सरकारी स्कूल का छात्र लापता

मामला सलूणी का है, जहां लापता छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलूणी में पढ़ता है। उसके पिता लोक निर्माण विभाग सलूणी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार सलूणी में ही रहता है।

स्कूल से लौटा, अचानक हो गया गायब

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार छात्र 22 अगस्त की सुबह स्कूल गया था। करीब 11 बजे वह स्कूल से वापस अपने क्वार्टर पहुंचा। इसके कुछ समय बाद वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। परिवार के लोगों को जब उसके घर पर नहीं होने का पता चला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में आज रोजगार को लेकर होगा हंगामा, आपस में भिड़ेंगे सता पक्ष और विपक्ष

थाने पहुंचा परेशान परिवार

परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर छात्र को तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

चिट्ठी छोड़ लापता हुआ छात्र

परिजनों के लिए चिंता की बात यह भी है कि छात्र घर से निकलते समय अपने पीछे एक चिट्ठी छोड़ गया था। इसमें उसने अपने पिता को संबोधित करते हुए लिखा कि वह जा रहा है। हालांकि, छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया और वह इस समय कहां है, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल का अनोखा शिव मंदिर : यहां नहीं चढ़ता पैसा, भक्त दान करते हैं घास- जानें मान्यता

पिता ने जताई बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका

परिजनों ने पुलिस के सामने आशंका जताई है कि कोई व्यक्ति छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।

परिवार ने मांगी मदद

पुलिस ने छात्र की पहचान और तलाश के लिए उसका हुलिया भी जारी किया है। उसके अनुसार छात्र की उम्र करीब 16 वर्ष है और उसकी लंबाई लगभग 5 फुट 2 इंच है। उसका रंग गोरा और चेहरा गोल है। वह हिंदी और पंगवाली भाषा बोलता है। पुलिस के अनुसार छात्र के कपड़ों में काले रंग का स्वेटर, हल्के ग्रे रंग की पैंट और सफेद रंग के जूते शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश के रास्ते में श्रद्धालुओं पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, यात्रा पर लगी रोक- जानें

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी

शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब छात्र के संभावित ठिकानों का पता लगाने के साथ उसके संपर्क में रहे लोगों और घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

कहां चला गया प्रिंस?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्कूल से लौटने के बाद 16 वर्षीय छात्र आखिर कहां गया? परिवार लगातार उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर छात्र के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की अफवाह फैलाने के बजाय केवल पुलिस या परिवार को सत्यापित जानकारी देना बेहद जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें