कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है। गगल थाना क्षेत्र में बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान HRTC की बस से भारी मात्र में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है।

13 साल का लड़का चिट्टे संग अरेस्ट

इस मामले में पुलिस ने एक 13 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम ने लड़के से 130.48 ग्राम चिट्टा(हेरोइन) बरामद की है- जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : अब घर बनाना होगा आसान, IIT मंडी के छात्रों ने बनाया अनोखा डिवाइस- दुबई तक चर्चा

HRTC बस को पुलिस ने रोका

थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत के अनुसार, CIA कांगड़ा की टीम ASI मनजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहपुर की ओर से आ रही HRTC बस को रोककर तलाशी ली गई।

बैग में भरा था चिट्टा

बस में एक नाबालिग अकेला बैठा मिला। जब उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की जांच की गई, तो उसमें से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद बस में मौजूद सवारियों में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : लेडी गेटअप कर दुकान में घुसे लड़के, दुपट्टे से ढका चेहरा- पुलिस ने नकदी संग धरे

अमृतसर से रिश्तेदार ने दिया था बैग

शुरुआती पूछताछ में बच्चे ने बताया कि यह नशीला पदार्थ उसे अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार ने दिया था और आगे किसी स्थान पर उसे लेने की बात कही थी। मगर पुलिस की कार्रवाई ने रिश्तेदार के पूरे प्लान पर पानी फेर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस केस की जांच मुख्य आरक्षी को सौंपी गई है, जबकि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें