सोलन। अतिक्रमण हटाना था, लेकिन कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि नगर निगम की पूरी कार्रवाई ही सवालों के घेरे में आ गई। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन स्थित मालरोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के दौरान एक कर्मचारी पर फड़ी विक्रेता को लात मारने का आरोप लगा है।
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी नगर निगम की टीम
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम मालरोड पर सड़क किनारे लगी फड़ियों और कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान एक फड़ी विक्रेता अपना सामान समेटता नजर आया। आरोप है कि सामान हटाने को लेकर कर्मचारी और विक्रेता के बीच कहासुनी हो गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नदी में नहाने उतरे दो स्कूली छात्र, गहरे पानी में डूबे- NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
फड़ी विक्रेता को मारी लात
देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि कर्मचारी ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया और फड़ी विक्रेता को लात मार दी। इससे विक्रेता अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। इस दौरान उसका सामान भी आसपास बिखर गया।
राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड की पूरी घटना
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में कर्मचारी और फड़ी विक्रेता के बीच विवाद होता दिखाई देता है। इसके बाद कर्मचारी विक्रेता की ओर बढ़ता है और कथित तौर पर उसे लात मार देता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के जवान का ऑन ड्यूटी निधन- दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, आज घर पहुंचेगी देह
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोग नगर निगम कर्मचारी के कथित व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर से अतिक्रमण हटाना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इसके लिए कार्रवाई भी जरूरी है, लेकिन कार्रवाई के दौरान किसी व्यक्ति के साथ अभद्रता या अनावश्यक बल प्रयोग नहीं होना चाहिए।लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और अगर कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- 40 हजार KM पैदल चल मणिमहेश पहुंचा श्रद्धालु, पिछले 2 सालों से लगातार जारी है सफर
नगर निगम का पक्ष आना बाकी
हालांकि, वायरल वीडियो में घटना का एक पक्ष ही सामने आया है। वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों की पूरी तस्वीर नगर निगम और संबंधित कर्मचारी का पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कर्मचारियों के व्यवहार की चर्चा तेज
घटना के बाद सोलन मालरोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ नगर निगम कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि निगम इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले में क्या कार्रवाई करता है।
