ऊना। हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं को जल्दी और सुविधाजनक दर्शन करवाने की व्यवस्था मंदिर प्रशासन के लिए भी अच्छी खासी आय का जरिया बन गई है। सुगम दर्शन पर्ची व्यवस्था शुरू होने के बाद करीब तीन साल में मंदिर को 16.38 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है।

मां चिंतपूर्णी के ‘सुगम दर्शन’ से 16.38 करोड़ की कमाई

इसका खुलासा हिमाचल विधानसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में हुआ है। मंदिर में यह व्यवस्था 8 अगस्त 2023 से शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को शुल्क के आधार पर सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध करवाना था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गंदे पानी पर बवाल : 3 महीने से धरने पर ग्रामीण, बोले- किडनी-लीवर हो रही खराब

2023 में शुरू हुई व्यवस्था

भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा में सुगम दर्शन पर्ची व्यवस्था को लेकर सवाल पूछा था। उन्होंने इसके शुरू होने की तारीख, इससे होने वाली सालाना आय और पर्ची सॉफ्टवेयर में कथित अनियमितताओं से जुड़ी जानकारी मांगी थी।

फिर बढ़ती गई कमाई

डिप्टी सीएम एवं भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने लिखित जवाब में बताया कि व्यवस्था शुरू होने के बाद अगस्त से दिसंबर 2023 के बीच मंदिर को 1.43 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई।

  • इसके बाद वर्ष 2024 में सुगम दर्शन पर्ची से 4.66 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई दर्ज की गई।
  • वर्ष 2025 में यह आंकड़ा और बढ़कर 6.09 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।
  • वहीं, वर्ष 2026 में 30 जून तक ही मंदिर को 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की आय हो चुकी थी।
  • इस तरह 30 जून 2026 तक सुगम दर्शन पर्ची से मंदिर की कुल आय 16 करोड़ 38 लाख 47 हजार 86 रुपये दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में फंसे हिमाचलियों की मदद को आगे आया प्रशासन, जारी किए हेल्पलाइन नंबर

1100 रुपये में पांच लोगों को दर्शन की सुविधा

मां चिंतपूर्णी मंदिर में सुगम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को प्रवेश पास जारी किए जाते हैं। इसके लिए मंदिर परिसर स्थित बाबा माईदास सदन में काउंटर बनाया गया है।

1,100 रुपये के पास पर अधिकतम पांच श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की अनुमति दी जाती है। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा महज 50 रुपये में उपलब्ध करवाई जाती है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़

त्योहारों और विशेष अवसरों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में यह व्यवस्था खास तौर पर उन लोगों के लिए शुरू की गई थी, जो लंबी कतार से बचकर सुविधा के साथ दर्शन करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : राखी पर पंजाब से लाई जा रही थी मिलावटी मिठाई, विभाग ने पकड़ी- 450 KG खेप की नष्ट

पर्ची सॉफ्टवेयर में मिली अनियमितता, FIR दर्ज

विधानसभा में पूछे गए सवाल का एक अहम हिस्सा सुगम दर्शन पर्ची सॉफ्टवेयर को लेकर भी था। सरकार ने जवाब में कहा कि सुगम दर्शन पर्चियां काटने में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। मगर मंदिर अधिकारी द्वारा सॉफ्टवेयर के निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आई थीं। इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई गई है और पुलिस जांच जारी है।

लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं मां के दरबार

मां चिंतपूर्णी मंदिर हिमाचल के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है और यहां सालभर देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। नवरात्र, सावन और अन्य धार्मिक पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। ऐसे में सुगम दर्शन व्यवस्था जहां श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा देती है। वहीं पिछले तीन वर्षों में इससे हुई 16 करोड़ रुपये से अधिक की आय ने इसे मंदिर की कमाई के महत्वपूर्ण स्रोतों में भी शामिल कर दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें