#अव्यवस्था

August 27, 2026

हिमाचल : राखी पर पंजाब से लाई जा रही थी मिलावटी मिठाई, विभाग ने पकड़ी- 450 KG खेप की नष्ट

खाद्य पदार्थों के साथ-साथ स्थानीय बाजारों में भी जांच अभियान जारी

शेयर करें:

Sweets color food safety chamba raksha bandhan 2026 himachal mithai adulteration

चंबा। रक्षाबंधन पर घर-घर मिठास पहुंचने से पहले ही हिमाचल प्रदेश के चंबा में मिलावट के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। त्योहार से ठीक एक दिन पहले बाहरी राज्य से चंबा लाई जा रही मिलावटी मिठाई की खेप पकड़ी गई है। 

पकड़ी गई मिलावटी मिठाइयां

450 किलोग्राम मिठाई की खेप को जांच के दौरान पकड़ा गया। मिठाई में जरूरत से ज्यादा और अमानक सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल पाए जाने के बाद विभाग ने पूरी खेप को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। कार्रवाई वीरवार सुबह करीब छह बजे चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चनेड के पास की गई।

यह भी पढ़ें- लॉटरी को लेकर हिमाचल में सियासी घमासान : सांसद अनुराग ने CM को लिखा पत्र- कह दी ये बात

नाके पर रोका गया सप्लाई वाहन

त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चंबा जिले में बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की निगरानी बढ़ाई हुई है। इसी अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद की अगुवाई में टीम ने चनेड के पास नाकाबंदी की थी।

 

इसी दौरान पठानकोट की तरफ से चंबा आ रहे एक आपूर्ति वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग तरह की बड़ी मात्रा में मिठाइयां मिलीं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : टैक्सी से चंडीगढ़ जा रहा था योगेश, ट्रक से हुई जोरदार टक्कर- उजड़ा परिवार

मिठाइयों में मिला जरूरत से ज्यादा सिंथेटिक रंग

जांच के दौरान विभागीय टीम को मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर खामियां मिलीं। मिठाइयों में अमानक सिंथेटिक रंगों का अत्यधिक इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, मिठाई खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। ऐसे में इसे बाजार में पहुंचने देना लोगों की सेहत के लिए खतरा हो सकता था।

बाजार तक पहुंचने से पहले ही नष्ट की पूरी खेप

मिठाई की खराब गुणवत्ता सामने आने के बाद विभाग ने करीब 4.50 क्विंटल यानी 450 किलो मिठाई को अपने कब्जे में लिया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी खेप को चनेड के पास ही नष्ट करवा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद त्योहार के दौरान जिले के बाजारों में बाहर से आने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर विभाग की निगरानी और सख्त हो गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में स्वाइन फ्लू की एंट्री- 2 मासूमों समेत 4 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

त्योहार को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी

स्वास्थ्य विभाग को दूसरे राज्यों से चंबा के बाजारों में घटिया और अत्यधिक रंग वाली मिठाइयां पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने बाहरी क्षेत्रों से आने वाली खाद्य सामग्री की जांच तेज कर दी है।

लोगों की सेहत से नहीं होगा समझौता

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले खाद्य पदार्थों के साथ-साथ स्थानीय बाजारों में भी जांच अभियान जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 200 रुपये के लिए 19 साल बर्बाद, कोर्ट ने पुलिस को लगाई डांट- चालान रद्द

कारोबारियों को चेतावनी

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने या मिलावटी सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख