शिमला। खाड़ी देशों के बीच चल रहे तनाव के कारण देशभर में LPG आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं। अब इसका असर अब पर्यटन नगरी शिमला में भी दिखाई देने लगा है। शिमला में इन दिनों LPG गैस की किल्लत ने होटल और रेस्टोरेंट कारोबार को मुश्किल में डाल दिया है।
शिमाल में LPG का संकट
शिमला शहर के कई होटलों को कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इससे किचन का कामकाज प्रभावित हो गया है और होटल कारोबारियों के सामने गंभीर स्थिति खड़ी हो गई है।
यह भी पढ़ें : बाइक पर लाखों की चरस बेचने निकले थे दो यार, सेटिंग देख पुलिस भी हो गई हैरान
होटलों के मेन्यू में बदलाव
बताया जा रहा है कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने के कारण कई होटलों को अपने मेन्यू में बदलाव करना पड़ा है। जिन व्यंजनों को बनाने में ज्यादा गैस खर्च होती है, उन्हें फिलहाल मेन्यू से हटा दिया गया है।
इंडक्शन कर रहे इस्तेमाल
तली हुई चीजें, चाइनीज फूड और अन्य गैस-आधारित पकवानों को बंद कर दिया गया है। कई जगहों पर गैस बचाने के लिए चाय तक बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हों पर बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गैस की कालाबाजारी, 5 हजार रुपये में मिल रहा सिलेंडर- अब क्या होगा?
होटल कारोबार पर गहरा असर
गैस की कमी का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ा है। कई होटलों के किचन में रखे सभी सिलेंडर खाली हो चुके हैं और नए सिलेंडर कब मिलेंगे, इस बारे में गैस कंपनियों या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
शादी की बुकिंग कैंसिल
इस स्थिति के कारण कुछ होटल मालिकों को मजबूरी में शादी और अन्य कार्यक्रमों की बुकिंग भी रद्द करनी पड़ रही है। बुकिंग रद्द होने से होटल कारोबारियों को ग्राहकों को पैसे लौटाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचली ने विदेशी मेम से रचाई शादी : ऑस्ट्रलिया में हिंदू रीति-रिवाज से पूरी हुई सभी रस्में
परोसा जा रहा साधारण खाना
शहर के कुछ प्रमुख होटलों ने स्थिति को देखते हुए अपने मेहमानों के लिए सीमित मेन्यू की व्यवस्था की है। होटल लॉर्ड्स ग्रे और होटल लैंडमार्क जैसे होटलों ने घोषणा की है कि गैस संकट के कारण फिलहाल मेहमानों को साधारण भोजन जैसे दाल, रोटी, सब्जी और चावल ही परोसे जाएंगे। इन होटलों के किचन में गैस की बचत के लिए अधिकतर काम सीमित कर दिया गया है। चाय और कुछ अन्य हल्के खाद्य पदार्थ इंडक्शन चूल्हों पर तैयार किए जा रहे हैं।
होटल मालिकों को बड़ा नुकसान
होटल लैंडमार्क के मालिक राजीव अग्रवाल ने बताया कि गैस संकट के कारण उन्हें पिछले दो दिनों में ही करीब डेढ़ लाख रुपये की बुकिंग राशि ग्राहकों को लौटानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि कई ग्राहकों को कार्यक्रम रद्द होने की वजह से निराशा हुई और कुछ ने नाराजगी भी जताई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : 10 दिन बाद घोषित होगा आरक्षण रोस्टर; महिलाओं, SC/ST सीटों को लेकर बढ़ी उत्सुकता
खाना बनाने के लिए नहीं सिलेंडर
राजीव अग्रवाल का कहना है कि जब होटल के पास खाना बनाने के लिए गैस ही उपलब्ध नहीं है, तो मेहमानों को भोजन परोसना संभव नहीं हो पाता। इसी कारण कुछ पार्टियां और कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े हैं।
सरकार से मांगी राहत
इस पूरे मामले को लेकर शिमला होटल एंड टूरिज्म स्टेकहोल्डर्स एसोसिएशन ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंद्र कुमार सेठ ने बताया कि कमर्शियल LPG सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल उद्योग गंभीर संकट से गुजर रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ऐसी पत्नी से भगवान बचाए! पति ने फोन चलाने से रोका- तो उस पर फेंक दिया उबलता दूध
चलता रहेगा काम
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग को पत्र लिखकर मांग की गई है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक होटलों को सीमित मात्रा में घरेलू LPG सिलेंडर उपलब्ध करवाने की अनुमति दी जाए, ताकि कम से कम बुनियादी रसोई सेवाएं जारी रखी जा सकें।
किचन में लगा ताला...
एसोसिएशन का कहना है कि गैस की कमी के कारण कई होटलों की रसोई आंशिक या पूरी तरह बंद करनी पड़ रही है। इससे मेहमानों को भोजन उपलब्ध कराने में परेशानी आ रही है और होटल कर्मचारियों के लिए भी भोजन तैयार करना मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें : घर से पेपर देने निकली थी 7वीं की छात्रा, रावी नदी में लगा दी छलांग- हुई मौ*त
पर्यटक नहीं खा पा रहे ठीक से खाना
गैस संकट का असर अब पर्यटन उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार कई पर्यटक फोन करके यह जानकारी ले रहे हैं कि शिमला के होटलों में भोजन की व्यवस्था ठीक तरह से हो पा रही है या नहीं।
पर्यटन कारोबार पर भी पड़ेगा असर
होटल कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो पर्यटन सीजन के दौरान होटल उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है और इसका असर शिमला आने वाले पर्यटकों की संख्या पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर बारिश-बर्फबारी शुरु : आंधी-तूफान का अलर्ट जारी, अगले 6 दिन खराब रहेगा मौसम
सुक्खू सरकार का क्या है कहना?
उधर, राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और केंद्र सरकार के साथ भी संपर्क बनाए रखा गया है। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि होटल एसोसिएशन की ओर से राहत की मांग की गई है और इस मुद्दे पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
CM ने नहीं दिया कोई जवाब
हालांकि, शिमला में मीडिया द्वारा गैस संकट को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और इस विषय पर टिप्पणी करने से परहेज किया। फिलहाल होटल उद्योग को उम्मीद है कि जल्द ही गैस आपूर्ति बहाल होगी, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान होटल और रेस्टोरेंट सामान्य रूप से अपने किचन संचालन को जारी रख सकें।
