#अपराध
March 12, 2026
हिमाचल : घर से पेपर देने निकली थी 7वीं की छात्रा, रावी नदी में लगा दी छलांग- हुई मौ*त
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। लोअर जुलाहकड़ी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने रावी नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।
बताया जा रहा है कि छात्रा 7वीं कक्षा में पढ़ती थी और बुधवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा बुधवार को अपने स्कूल में पेपर देने के लिए गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अन्य छात्रों की तरह स्कूल से बाहर निकली, लेकिन घर की ओर जाने की बजाय वह अकेले ही रावी नदी की तरफ चली गई। कुछ ही देर बाद वह नदी के किनारे पहुंची और अचानक पानी में छलांग लगा दी।
नदी के आसपास मौजूद लोगों ने जब छात्रा को पानी में कूदते देखा तो तुरंत शोर मचाया और उसकी जान बचाने के लिए राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद छात्रा को नदी से बाहर निकाला गया। उस समय वह बेसुध अवस्था में थी। स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज में मौजूद डॉक्टरों ने छात्रा की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच गहरा दुख फैल गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच और परिजनों के बयान के आधार पर मामले में BNS की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
चंबा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग हैरान हैं कि इतनी कम उम्र में छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस दुखद घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।