शिमला। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक के मुद्दे पर देशभर में सियासत गरम है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
भर्ती परीक्षा में मास चीटिंग के आरोप
जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर राहुल गांधी को युवाओं के भविष्य की चिंता है तो उन्हें सबसे पहले अपनी ही पार्टी की सरकारों से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और कथित मास चीटिंग के आरोप सामने आए थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: रात को हेयर ड्रेसर ने कमरे में लगाया फं*दा- रूम पार्टनर को सुबह लगी खबर
कई अभ्यर्थियों ने शिकायतें दर्ज करवाईं
कई अभ्यर्थियों ने शिकायतें दर्ज करवाईं और निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन सरकार ने इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं की आवाज को नजरअंदाज क्यों किया गया और समय रहते निष्पक्ष जांच क्यों नहीं करवाई गई।
CBI सिफारिशों का किया जिक्र
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की जांच के दौरान CBI ने कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया गया। उन्होंने पूछा कि सीबीआई की सिफारिशों के अनुरूप कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की बड़ी जीत- मोदी सरकार ने मानी CM की शर्तें, अब 600 करोड़ का होगा फायदा
राजस्थान का भी दिया उदाहरण
जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के पेपर लीक मामलों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में एक दर्जन से अधिक भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए थे, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उस समय राहुल गांधी की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई।
युवाओं के भविष्य पर जताई चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को समान मानदंड अपनाने चाहिए। प्रदेश के युवा पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की उम्मीद रखते हैं और सरकार का दायित्व है कि वह हर शिकायत की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।
यह भी पढ़ें- शिमला में महाजाम : रोजाना पहुंच रही 40 हजार गाड़ियां, रेंग-रेंगकर चल रहा ट्रैफिक
निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जयराम ठाकुर ने कहा कि चाहे सरकार किसी भी दल की हो, यदि पेपर लीक, भर्ती घोटाले या परीक्षा संबंधी अनियमितताएं सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
