#अव्यवस्था
September 30, 2026
हिमाचल में मुफ्त इलाज पर संकट: हिमकेयर-आयुष्मान कार्ड बंद, मरीजों की जेब हो रही खाली
डीडीयू में अटकी करोड़ों की पेमेंट
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में एक तरफ सरकार हिमकेयर योजना का दायरा बढ़ाकर 5 लाख से 10 लाख रुपये तक करने की तैयारी की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी शिमला के सरकारी अस्पताल में इसी योजना का लाभ फिलहाल मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। DDU जोनल अस्पताल में हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित होने से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई है।
जिन परिवारों को सरकारी योजना के भरोसे कैशलेस इलाज की उम्मीद थी, उन्हें कई जरूरी दवाइयां और उपचार से जुड़ा सामान बाजार से खरीदना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के सामने अब सवाल सिर्फ बीमारी का नहीं, बल्कि इलाज के बढ़ते खर्च का भी खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार डीडीयू अस्पताल में दवा और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करवाने वाले वेंडरों की हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी करीब दो करोड़ रुपये की राशि लंबित है। इसके अलावा वेंडरों की दूसरी देनदारियां भी बताई जा रही हैं।
भुगतान अटकने का असर अब अस्पताल में जरूरी सामान की सप्लाई पर दिखाई दे रहा है। वेंडरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण अस्पताल को आवश्यक दवाइयों और अन्य सामान की उपलब्धता में परेशानी हो रही है। इसका सीधा असर उन मरीजों पर पड़ रहा है जो सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीजों को इलाज के दौरान कई तरह की दवाइयों और जरूरी सामान की आवश्यकता होती है। लेकिन जब ये चीजें अस्पताल से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, तो मरीजों के परिवारों को इन्हें बाहर की दुकानों से खरीदना पड़ रहा है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति ज्यादा मुश्किल वाली है। ऐसे परिवार सरकारी स्वास्थ्य योजना के सहारे अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन अगर इलाज के दौरान बार-बार अपनी जेब से खर्च करना पड़े तो उनका आर्थिक बोझ बढ़ जाता है।
डीडीयू अस्पताल में हड्डी रोग, सर्जरी, गायनी, नेत्र और शिशु रोग समेत कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। गंभीर बीमारी वाले कई मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर किसी मरीज की ऑपरेशन की तारीख तय हो और उसी दौरान हिमकेयर या आयुष्मान योजना का लाभ न मिले, तो परिवार के सामने बड़ी आर्थिक चुनौती खड़ी हो सकती है। ऑपरेशन के अलावा दवाइयों और जरूरी मेडिकल सामान का खर्च भी खुद उठाना पड़ सकता है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि लंबित भुगतान को लेकर सरकार के साथ लगातार पत्राचार किया जा रहा है। प्रबंधन ने जल्द राशि जारी करने का आग्रह किया है, ताकि वेंडरों का भुगतान किया जा सके और मरीजों को योजनाओं का लाभ दोबारा सामान्य रूप से मिल सके।
DDU जोनल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल में फिलहाल हिमकेयर और आयुष्मान कार्ड नहीं चल रहे हैं। मरीजों को इसकी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ पत्राचार किया गया है और जल्द राशि जारी करने का आग्रह किया गया है, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
हिमाचल में हिमकेयर को नए रूप में लाने और इलाज का कवर 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक करने की चर्चा के बीच डीडीयू अस्पताल की मौजूदा स्थिति कई सवाल खड़े करती है।
हिमकेयर और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य ही यह है कि बीमारी के समय परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो। लेकिन जब योजना का लाभ लेने के लिए अस्पताल पहुंचा मरीज जरूरी दवाइयां और सामान भी अपनी जेब से खरीदने लगे, तो सबसे ज्यादा परेशानी उसी वर्ग को होती है जिसके लिए ऐसी योजनाएं बनाई गई हैं।
नई व्यवस्था में प्रत्येक परिवार को कुल 10 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। इसमें पांच लाख रुपये का मुख्य बीमा कवर और इतनी ही राशि का अतिरिक्त टॉप-अप कवर शामिल होगा। प्रस्तावित बदलाव से प्रदेश के लगभग 10 लाख परिवारों को फायदा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना में होने वाले फर्जी दावों और गलत तरीके से भुगतान हासिल करने की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ाया जा रहा है। नई व्यवस्था में बीमा कंपनी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग आधारित डिजिटल सिस्टम रखना जरूरी किया गया है। इसके जरिए संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
नए डिजिटल सिस्टम की मदद से मरीज को जरूरत से ज्यादा समय तक अस्पताल में रखने, एक ही खर्च के लिए दोबारा भुगतान मांगने, फर्जी दावे करने तथा अनावश्यक जांच या ऑपरेशन जैसे मामलों के पैटर्न की पहचान की जा सकेगी। किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर सिस्टम तत्काल अलर्ट जारी करेगा। इससे क्लेम प्रक्रिया में गड़बड़ी पकड़ने और सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी ने हिमकेयर के संचालन के लिए नया बीमा टेंडर ढांचा जारी किया है। इच्छुक कंपनियां 12 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगी। प्री-बिड बैठक में बीमा क्षेत्र से जुड़ी 10 कंपनियों ने योजना में रुचि दिखाई है।
टेंडर प्रक्रिया में पात्र कंपनियों में जो कंपनी सबसे कम प्रीमियम की बोली लगाएगी- उसे योजना के संचालन के लिए तीन साल का अनुबंध दिया जाएगा। इससे पहले बीमा कंपनी का करार एक साल की अवधि के लिए होता था।
योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में लाभार्थियों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती रहेगी। हिमाचल से बाहर योजना से जुड़े अस्पतालों में भर्ती होने पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार भर्ती से पहले और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद होने वाले कुछ खर्चों का लाभ उपलब्ध रहेगा।