शिमला। हिमाचल प्रदेश समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं अगले चार दिन तक बुरी तरह प्रभावित रहने वाली हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है, जिसमें सार्वजनिक, निजी और सहकारी बैंकों के करीब 8 लाख कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले ही लगातार अवकाश होने के कारण बैंक चार दिन तक बंद रहेंगे।

लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी

दरअसल, 24 जनवरी को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। 25 जनवरी को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है, जबकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के चलते देशभर में सभी बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 27 जनवरी को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शाखाएं नहीं खुलेंगी।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के बयान के बाद सख्ती : कांग्रेस अध्यक्ष ने चेताया- पार्टी लाइन के बाहर नहीं होगी बयानबाजी

ऐसे में शनिवार से मंगलवार तक लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। चार दिन बैंक बंद रहने से चेक क्लीयरेंस, नकद जमा-निकासी, ड्राफ्ट बनवाना, पासबुक अपडेट, व्यापारिक भुगतान और अन्य जरूरी वित्तीय लेन-देन प्रभावित होंगे। इससे आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह है हड़ताल की मुख्य वजह

हड़ताल की मुख्य वजह बैंकिंग सेक्टर में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर सरकार की मंजूरी का लंबित रहना है। यूनियनों का कहना है कि भारतीय बैंक संघ और UFBU के बीच दिसंबर 2023 और मार्च 2024 में इस पर सहमति बन चुकी है,

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी : तेज तूफान से उड़ी कई घरों की छतें, रास्तों में फंसी गाड़ियां

लेकिन अब तक सरकार ने इसे लागू नहीं किया। बैंक यूनियनों का आरोप है कि कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, क्योंकि आरबीआई, एलआईसी, जीआईसी, स्टॉक एक्सचेंज और कई सरकारी कार्यालय पहले से ही पांच दिवसीय कार्य प्रणाली पर काम कर रहे हैं।

बैंकिंग उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ के राज्य सचिव खेमराज वर्मा ने बताया कि इस आंदोलन को नौ प्रमुख बैंक यूनियनों का समर्थन हासिल है। यूनियनों का कहना है कि डिजिटल बैंकिंग और वैकल्पिक सेवाओं के चलते ग्राहकों को बहुत ज्यादा परेशानी नहीं होगी, फिर भी उन्होंने बैंकिंग उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें