#यूटिलिटी
January 23, 2026
हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी : तेज तूफान से उड़ी कई घरों की छतें, रास्तों में फंसी गाड़ियां
प्रशासन ने बर्फबारी में सतर्क रहने की दी सलाह
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी ने आफत का माहौल पैदा कर दिया है। तेज तूफान व हवाओं के कारण कई घरों की छतें उखड़ गईं है। जबकि सड़कों पर पेड़ और बिजली की तारें गिरने से कई वाहन मार्गों पर फंस गए हैं और यातायात बाधित हो गया है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बता दें कि, प्रदेश के ऊपरी जिलों में पहाड़ पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं, जबकि निचले क्षेत्रों में रात से ही बारिश का दौर जारी है। इस मौसम ने प्राकृतिक नजारे और भी मनोहारी बना दिए हैं और ग्रामीणों के साथ-साथ सैलानियों को भी ठंड और बारिश का आनंद लेने का मौका मिला है।

राजधानी शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी ने ठंड के साथ-साथ खुशियों की सौगात भी दी है। जैसे ही आसमान से बर्फ के फाहे गिरने शुरू हुए, शहर और आसपास के इलाके में लोग और सैलानी बर्फ देखकर बहुत खुश हो गए, हर तरफ खुशी का माहौल था। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों ने इस खूबसूरत नजारे का भरपूर आनंद लिया।
बर्फबारी के बाद रिज मैदान, माल रोड, कुफरी और नारकंडा सहित आसपास के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार नजर आए। लोगों ने बर्फ के बीच घूमते हुए तस्वीरें खिंचवाईं और यादगार पल संजोए। ताजा बर्फबारी से प्रदेश की ऊंची चोटियां पूरी तरह सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे हिमालय की पहाड़ियां और भी मनमोहक दिखाई देने लगी हैं।

हिमालय की पहाड़ियों पर जमी नई बर्फ ने न केवल प्राकृतिक सुंदरता बढ़ा दी है, बल्कि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी नई उम्मीदें जगा दी हैं। होटल, टैक्सी और अन्य पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी।
हालांकि, बर्फबारी के साथ कुछ परेशानियां भी सामने आई हैं। जिला चंबा के भरमौर में तो बर्फीले तूफान से 10 से ज्यादा घरों की छत भी उड़ गई। कई इलाकों में सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिसके चलते यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।

प्रशासन ने लोगों और सैलानियों से सतर्क रहने की अपील की है और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही, वाहन चालकों को बर्फीले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।