शिमला। पुलिस की जिम्मेदारी आरोपियों को पकड़ने के साथ-साथ उन्हें हिरासत में सुरक्षित रखना भी होती है, ताकि वे कानून की गिरफ्त से भाग न सकें। लेकिन कई बार पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी हिरासत से ही फरार हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला आगरा से सामने आया है, जहां हिमाचल प्रदेश पुलिस की हिरासत में मौजूद एक आरोपी होटल से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी की निगरानी के लिए तीन पुलिसकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद वह उन्हें चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पेशी के लिए आगरा लाई थी हिमाचल पुलिस

जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश पुलिस एक मामले में आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए आगरा लेकर आई थी। सोमवार दोपहर आरोपी के साथ तीन पुलिसकर्मी मदिया कटरा स्थित एक होटल में ठहरे थे। मंगलवार को आरोपी की अदालत में पेशी होनी थी। इसी बीच रात करीब 1:40 बजे आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर होटल से फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंड का डबल अटैक: 3 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, माइनस में पहुंचा पारा

लिफ्ट छोड़ सीढ़ियों से भागा आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी ने होटल से बाहर निकलने के लिए लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का रास्ता चुना। रात के समय पुलिसकर्मियों की निगरानी के बावजूद वह होटल से बाहर निकलने में कामयाब रहा। जब पुलिसकर्मियों को उसके गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। अब सवाल उठ रहे हैं कि तीन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में आरोपी आखिर कैसे फरार हो गया।

वकीलों से पूछताछ कर तलाश में जुटी पुलिस

फरार आरोपी आगरा के पिनाहट इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके भागने के बाद हिमाचल पुलिस के जवानों ने वकीलों से पूछताछ की और उसकी तलाश शुरू कर दी। वहीं, आगरा पुलिस भी पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अंदर चल रही थी बेटी की शादी- बाहर पिता ने तोड़ा दम, मातम में बदली सारी खुशियां

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर तीन पुलिसकर्मियों की निगरानी में मौजूद आरोपी होटल से कैसे भाग निकला, फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आरोपी की तलाश जारी है।