सिरमौर। पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और स्टाफ के व्यवहार को लेकर मामला सामने आया है। गिरिपार क्षेत्र के बाईला-गुजोन गांव की 90 वर्षीय भूंगा देवी अस्पताल के फीमेल वार्ड में भर्ती हैं। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद करीब दो घंटे तक उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल सकी। इस दौरान उनकी तबीयत और बिगड़ने लगी।

ऑक्सीजन मांगने पर परिजनों से अभद्रता का आरोप

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स से ऑक्सीजन लगाने और मरीज की हालत को लेकर मदद मांगी, तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि स्टाफ नर्स ने तीमारदारों को वार्ड के दरवाजे से बाहर धक्का दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। परिजनों के मुताबिक उन्हें पुलिस बुलाने की धमकी भी दी गई।

 

यह भी पढ़ें : अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से खड्ड में समाई कार, मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को दी लिखित शिकायत

मामले से नाराज परिजनों और अन्य तीमारदारों ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स मोनिका पर मरीजों और उनके परिजनों के साथ गलत व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का दावा है कि उनके पास कथित घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी है।

पहले भी शिकायतें मिलने का दावा

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि संबंधित स्टाफ कर्मी के खिलाफ पहले भी मरीजों और तीमारदारों की ओर से शिकायतें की जा चुकी हैं। उनका कहना है कि इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत पत्र पर राहुल शर्मा, कुंदन सिंह, बिजमाराम, रोशन लाल, संजय, बबली देवी, रेखा देवी, सौरव शर्मा, नरेश, परीक्षा, गुमान सिंह, संजीव कुमार और अमित शर्मा समेत कई लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी, जाने अगले 6 दिनों का हाल

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस का चिट्टा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो आरोपियों संग पंजाब से दबोचा मुख्य सप्लायर

स्टाफ नर्स और अस्पताल प्रशासन का पक्ष आना बाकी

फिलहाल इस मामले में संबंधित स्टाफ नर्स मोनिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रशासन ने भी शिकायत और लगाए गए आरोपों पर अभी विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि ऑक्सीजन देने में देरी और अभद्र व्यवहार के लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।