#अपराध
September 2, 2026
हिमाचल पुलिस का चिट्टा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो आरोपियों संग पंजाब से दबोचा मुख्य सप्लायर
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे की सप्लाई रोकने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले की जांच करते हुए पंजाब के पटियाला में दबिश दी और नशे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला कुछ समय पहले सदर थाना पुलिस ने 17.88 ग्राम चिट्टे के साथ राजेंद्र कुमार और सुमन कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की। इसी जांच में पुलिस को नशे की सप्लाई से जुड़े एक और आरोपी निखिल कुमार के बारे में पता चला।
यह भी पढ़ें : एक अनार- 91 बीमार : पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आए 98,719 आवेदन, बेरोजगारी चरम पर
पुलिस ने निखिल कुमार को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद पता चला कि चिट्टे की खेप पंजाब से हिमाचल लाई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने इस सप्लाई के मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की और पटियाला निवासी जसपाल का नाम सामने आया।
पुख्ता जानकारी और सबूत मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम पंजाब पहुंची। टीम ने पटियाला में दबिश देकर 36 वर्षीय जसपाल सिंह उर्फ जस्सा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ां क्षेत्र के गांव जोगे वाला का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें : सरकारी कागजों से छेड़छाड़ करना पड़ा भारी, पूर्व तहसीलदार-पटवारी समेत 6 लोगों पर FIR
बिलासपुर के SP अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस नशे के इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी हुई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चिट्टा कहां से आया था और आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भी तलाश की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।