हमीरपुर। हिमाचल में जिस स्मार्ट मीटर को बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लगाया गया था, वही अब लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। महंगाई के दौर में जहां लोग पहले ही खर्चों से जूझ रहे हैं, वहीं अब बिजली बिल और बार-बार कटौती ने आम परिवार की कमर तोड़ दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग अब इस स्मार्ट सिस्टम को ही कोसने लगे हैं। कुछ ऐसा ही मामला हमीरपुर से सामने आया है।
हर दूसरे दिन कट रही बिजली, उपभोक्ता बेहाल
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। बिजली का बिल जमा करने के बावजूद हर दूसरे दिन बिजली काट दी जाती है। एक उपभोक्ता ने बताया कि वह महज 20 दिनों में करीब पांच हजार रुपये जमा कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद घर की लाइट बार-बार गुल हो रही है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।
यह भी पढ़ें : सिया ह*त्याकांड में नया मोड़: आरोपी की मां ने पुलिस पर उठाए सवाल, बोली- दबाव डालने की कोशिश
गर्मी में कटौती ने बढ़ाई परेशानी
गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर उन घरों में हालात और खराब हैं जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग हैं। लगातार कटौती के कारण न तो पंखे चल पा रहे हैं और न ही जरूरी उपकरण, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
लाइन में लगकर कराना पड़ रहा समाधान
लोगों का कहना है कि बिल जमा करने के बावजूद जब बिजली कट जाती है, तो उन्हें बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद भी समस्या का तुरंत समाधान नहीं हो पा रहा। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल निकाय चुनाव बना 'मिनी विधानसभा' का दंगल, सुक्खू सरकार की साख और भाजपा का इम्तिहान
महिलाओं का फूटा गुस्सा, मीटर फेंककर किया विरोध
बीते दिनों कांशीराम कॉलोनी की महिलाओं ने तहसील दिवस के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अधिकारियों के सामने मीटर फेंककर अपना आक्रोश जताया। यह विरोध सिर्फ हमीरपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि मौदहा, सुमेरपुर, राठ और सरीला जैसे इलाकों में भी लोग इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूल जा रही लड़की को जबरन अपने घर ले गया युवक, की नीचता- अब मिली कठोर सजा
बिजली विभाग की सफाई
बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता लेखराज सिंह का कहना है कि उपभोक्ताओं को अपने खाते में एडवांस बैलेंस रखना जरूरी है। यदि बैलेंस माइनस में जाता है तो बिजली सप्लाई अपने आप कट जाती है। ऐसे में लोगों को नियमित रूप से रिचार्ज बनाए रखना होगा।
